भोपाल। व्यापमं के पूर्व परीक्षा नियंत्रण पंकज त्रिवेदी एसटीएफ के बाद अब लोकायुक्त के निशाने पर भी आ गए हैं। लोकायुक्त ने उनके व उनके भाई के निवास पर छापा मारा व आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया।
लोकायुक्त पुलिस ने मध्यप्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापम) के पूर्व परीक्षा नियंत्रक पंकज त्रिवेदी के भोपाल और इंदौर स्थित घरों पर छापेमारी की। व्यापम के पूर्व परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ आय से अधिक सम्पति अर्जित करने का मामला दायर कर उनके और उनके बड़े भाई पीयूष त्रिवेदी के घरों पर छापेमारी हुई।
पंकज त्रिवेदी व्यापम घोटाले में पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की कार्यवाही में पहले ही जेल में बंद हैं।
करोड़ों की सम्पत्ति के मिले दस्तावेज
लोकायुक्त पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पंकज के बड़े भाई पीयूष भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। लोकायुक्त पुलिस को इनके घरों से करोड़ों रुपए की सम्पत्ति के दस्तावेज मिले हैं।
उन्होंने बताया कि लोकायुक्त की टीम सुबह छह बजे भोपाल के 74 बंगले इलाके में स्थित पीयूष त्रिवेदी के घर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया. इस दौरान पीयूष त्रिवेदी घर पर ही थे. पुलिस ने यहां से कई दस्तावेज जब्त किए हैं. लोकायुक्त को इंदौर में उनके दो लाकर होने की जानकारी भी मिली है।
ऐसा माना जा रहा है कि व्यापम घोटाले के आरोपी पंकज त्रिवेदी कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने बड़े भाई के घर रखते थे और पंकज एवं पीयूष की पत्नियों के बीच कोई व्यावसायिक संबंध हैं. त्रिवेदी की इंदौर के एक निजी कॉलेज में भागीदारी होने की जानकारी भी मिली है।
लोकायुक्त पुलिस की टीम इंदौर में विनय नगर स्थित घर के अलावा भोपाल में पंकज त्रिवेदी के चार इमली इलाके में स्थित सरकारी निवास पर भी पहुंची, लेकिन चूंकि यहां ताला मिला, इसलिए उनके मकान को सील कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि इंदौर और भोपाल में छापे की यह कार्रवाई अभी जारी है, इसलिए इसमें मिले दस्तावेजी सबूतों की विस्तृत जानकारी देना फिलहाल संभव नहीं है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंदौर के केसरबाग रोड के विनय नगर में त्रिवेदी के घर पर लोकायुक्त पुलिस के 15 सदस्यीय दल ने छापा मारा. छापे के वक्त व्यापमं के पूर्व परीक्षा की नियंत्रक की पत्नी घर में मौजूद थी।