व्यापमं घोटाला: पंकज त्रिवेदी के कांग्रेस कनेक्शन उजागर

shailendra gupta
भोपाल। व्यापमं घोटाले के केन्द्र बिन्दु पूर्व परीक्षा नियंत्रक पंकज त्रिवेदी के कांग्रेस कनेक्शन उजागर हो गए हैं। लोकायुक्त छापे के दौरान पता चला है कि इन्दौर के एक्रोपोलिस इंजीनियरिंग कॉलेज का संचालन श्री त्रिवेदी एवं कांग्रेस नेता सुभाष सोजतिया के परिवारजन कर रहे हैं।

आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त पुलिस के घेरे में आए व्यापमं के पूर्व परीक्षा नियंत्रक पंकज त्रिवेदी इंदौर के एक्रोपोलिस इंजीनियरिंग कॉलेज अघोषित कर्ताधर्ता हैं। कॉलेज के संचालक मंडल में पंकज के बडे भाई आरजीपीवी के कुलपति प्रो. पीयूष त्रिवेदी की पत्नी वंदना और बेटी इशिता के अलावा कांग्रेस नेता सुभाष सोजतिया के परिवार के लोग भी पार्टनर हैं।

लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार 2006 में स्वरूप में आए एक्रोपोलिस कॉलेज के नाम पर एसबीआई इंदौर से 75 लाख रुपए का लोन लिया गया था, जिसकी किस्तों की मियाद 2013 तक थी। हालांकि अब तक इस लोन की किस्तें बकाया हैं। हालत ये है कि खुद को छोटे भाई पंकज के कारोबार से दूर रखने का दावा करने वाले पीयूष त्रिवेदी ने बैंक लोन के दस्तावेजों में जमानतदार (गारंटर) हैं। पुलिस कॉलेज के दस्तावेज खंगाल रही है।

26 साल में ढाई करोड़

लोकायुक्त के अनुसार पंकज त्रिवेदी का 26 साल के कार्यकाल के आधार पर वेतन में सेविंग करीब 80 लाख रुपए आंकी गई है, लेकिन जांच में उनकी अब तक ढाई से तीन करोड़ पहुंच गई है, जांच में जिसके बढ़ने की पूरी संभावना है।

बेटा शिकागो में

पुलिस के अनुसार पंकज त्रिवेदी का बेटा शिकागो में है, जो कि वहां मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। लोकायुक्त पुलिस अब बेटे को विदेश भेजने और पढ़ाने में किए गए लाखों रुपए के खर्च की पड़ताल करेगी।

बडे भाई के नाम पर हो सकती है संपत्तियां

पुलिस का अनुमान है कि पंकज त्रिवेदी द्वारा खरीदी गई कई संपत्तियां उनके भाई पीयूष त्रिवेदी या भाभी वंदना के नाम पर भी हो सकती हैं। इसी कारण लोकायुक्त पुलिस ने भोपाल में पीयूष त्रिवेदी के घर भी छापे मारे। लोकायुक्त पुलिस का कहना है कि जांच में पीयूष त्रिवेदी को इंदौर भी बुलाया जा सकता है।

देवर-भाई पार्टनर

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार पंकज त्रिवेदी जमीन की खरीद फरोख्त व रियल एस्टेट के कारोबार से जुडे हैं, जिसमें उनकी भाभी यानी पीयूष त्रिवेदी की पत्नी वंदना त्रिवेदी साझेदार हैं।

पत्नी अर्चना को भोपाल लेकर आई पुलिस

सुबह 5 से दोपहर 2 बजे तक इंदौर में चली छापे की कार्रवाई में करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति के दस्तावेज बरामद करने के बाद लोकायुक्त पुलिस पंकज त्रिवेदी की पत्नी अर्चना को लेकर पंजाब नेशनल बैंक का लॉकर खुलवाने पहुंची, जिसमें करीब पांच लाख के जेवर और 55 हजार रुपए नकद बरामद किए, इसके बाद लोकायुक्त पुलिस की टीम अर्चना को लेकर भोपाल रवाना हुई। शाम 4 बजे टीम भोपाल पहुंची, यहां चार इमली स्थित सरकारी मकान का ताला खुलवाकर सर्चिंग की। लोकायुक्त टीम अर्चना को लेकर शाहपुरा स्थित बैंक आॅफ बड़ौदा की ब्रांच पहुंची, जिसके लॉकर से 50 हजार रुपए के जेवर बरामद किए गए।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!