भोपाल/टीकमगढ़। मतदान के कुछ ही घंटे पहले निवाड़ी विधानसभा के कुंडार में सपा और बीजेपी के पदाधिकारियों के बीच विवाद हो गया। मौके पर हुई फायरिंग में भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री नीरज तिवारी के हाथ सहित शरीर पर अनेक छर्रे लगे हैं।
घटना रविवार की है। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है। इधर सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी को पकड़ लिया।
एसपी अमित सिंह ने बताया कि सपा के ओमप्रकाश अरजरिया और भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री नीरज तिवारी के बीच सरपंच के चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। रविवार को कुंडार में प्रचार के दौरान श्री तिवारी पर ओमप्रकाश अरजरिया के बेटे सत्यव्रत अरजरिया ने कट्टे से फायर कर दिया। जिससे उसके छर्रे श्री तिवारी के हाथ और गले पर अनेक जगहों पर जा लगे। श्री सिंह ने बताया कि दोनों के बीच में सरपंची को लेकर विवाद चल है।
पहले ग्राम पंचायत में 10 साल तक ओमप्रकाश अरजरिया सरपंच थे। इसके बाद नीरज शर्मा सरपंच बने। जिसको लेकर उनके बीच विवाद बना। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी ओम प्रकाश अरजरिया पर ग्राम पंचायत में गड़बड़ी करने पर धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जिस पर अभी जांच चल रही है। घायल तिवारी का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने सत्यव्रत अरजरिया के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बोलेरो और हथियार जब्त
श्री सिंह ने बताया कि आरोपी ने 12 बोर के कट्टे से फायर करने की बात स्वीकार की है। लेकिन जांच में उसके पास से 315 बोर का कट्टा निकला है। पूरे मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई है, जो मौके पर जांच करने में जुटी है। आरोपी की उस गाड़ी को भी जब्त किया गया है, जिससे वारदात को अंजाम दिया गया है।
चुनाव के ठीक पहले इस वारदात के होने से पुलिस सकते में आ गई। एसपी ने तुरंत मौके पर अमला भेजा। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सुदामा खांडे ने बताया कि स्थिति कंट्रोल में है। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी को पकड़ लिया गया है। चुनाव पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सभी दल शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए रवाना हो गए हैं।