ग्वालियर। मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर के महिला पुलिस थाने में छेड़छाड़ की शिकायत न सुनने पर एक 14 वर्षीय किशोरी ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जनकगंज क्षेत्र स्थित गोल पहाडिय़ा इलाके में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी पुरानी छावनी थाने में पदस्थ पुलिस जवान द्वारा उसके साथ की जा रही छेड़छाड़ की शिकायत करने के लिए कल महिला थाने गई थी।
यहां काफी देर तक बैठे रहने के बावजूद उसकी शिकायत नही सुनी जाने पर उसने थाना परिसर में ही अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया।
इसी दौरान वहां मौजूद पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसकी बात सुनी। किशोरी की मां ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनके मकान के सामने पुरानी छावनी थाने में पदस्थ आरक्षक प्रीतम कुशवाह रहता है। वह अक्सर उसकी 14 पुत्री से छेड़छाड़ करता है और घर पर पत्थर फेंकता है।
इसकी शिकायत थाने में तीन घंटे तक बैठे रहने के बावजूद नहीं सुनी जाने पर उसकी पुत्री ने परेशान होकर यह कदम उठाया। पुलिस अधिकारियों ने किशोरी की मां को शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।