भोपाल। बच्चे तो बच्चे होते हैं कभी पूरी गांव को उन पर गर्व होता है तो कभी जन्म देने वाले मॉ बाप को शर्म। इस बार बात गर्व की हो रही है। जिविषा ने यूपीएससी में 577वीं रैंक हासिल कर ली है। इसके साथ ही हालात यह बन गए कि उसके स्कूल, कॉलेज, ट्यूशन तो ठीक कालोनी वाले भी गर्व से कह रहे हैं वो हमारी मिनाल रेसीडेंसी में रहती है।
संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा-2012 के अंतिम नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। देश की सबसे प्रतिष्ठित नौकरी के लिए न्यू मिनाल रेसीडेन्सी निवासी जिविषा जोशी ने 577वीं रैंक हासिल कर प्रदेश को गौरान्वित किया है।
जिविषा जोशी ने लोकप्रशासन और मनोविज्ञान विषय लेकर प्रथम प्रयास में ही यह आसमानी सफलता हासिल की। 12वीं महर्षी विद्या मंदिर रतनपुर से उत्तीर्ण करने के बाद जिविषा ने बीडीएस डेन्टिस्ट की डिग्री हासिल की। वर्तमान में जिविषा बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में एमए साइकोलाजी की छात्र हैं।
जयजीवन जोशी और अलका जोशी की पुत्री जिविषा ने अपनी सफलता को ईश्वर और खुद पर विश्वास का नतीजा बताया। उन्होंने कहा, मुझे सिविल सेवा परीक्षा के लिए कोचिंग की बजाय अपनी मेहनत और ईश्वर पर पूर्ण विश्वास था। यही वजह है कि मैंने कोचिंग का सहारा लिए बगैर घर पर ही परीक्षा की तैयारी की और नतीजा आज आपके सामने है।
