विदिशा। उद्योग विभाग के जनरल मैनेजर मनोज कुमार जैन ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के औपचारिक शुभारंभ पर उन्होंने कहा कि आजकल 50 हजार रुपए में होता क्या है। इतने में तो कोई उद्योग नहीं शुरू हो सकता। एक छोटा उद्योग लगाने के लिए भी कम से कम दो लाख रुपए की जरूरत पड़ती है। .
एसएटीआई के पॉलिटेक्निक सभागृह में जिस समय जैन योजना पर सवाल खड़े कर रहे थे, राजस्व एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, वित्तमंत्री राघवजी भी मौजूद थे। सकते में आए प्रभारी मंत्री ने मंच पर ही जीएम को फटकार लगाई। इसके बाद कलेक्टर समेत सभी अतिथि सफाई देने में जुट गए।
राघवजी ने कहा कि इस योजना में कोई खामी नहीं है। वहीं, श्री वर्मा ने कहा कि इस योजना से बेरोजगारों को फायदा होगा। कलेक्टर आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसा लगता है जीएम जोश में बोल गए हैं। उधर, जीएम ने यह भी कहा कि योजना के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता १क्वीं की बजाय 8वीं होना चाहिए।
विदिशा कलेक्टर आनंद कुमार शर्मा ने कहा किया योजना की कमियां बताने वाले जीएम से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद जो भी गलती पाई जाएगी उस हिसाब से कार्रवाई होगी।
कार्यक्रम के बाद करणसिंह वर्मा ने कहा कि किसी-किसी में बुद्धि की कमी रहती है। लेकिन, इस अधिकारी को अक्ल का अजीर्ण है। लगता है भाषण में उनकी जुबान फिसल गई है। जीएम को इस योजना के संबंध में ऐसे नहीं बोलना था।