भोपाल। अब आप अपने मोबाइल फोन से ही प्रॉपर्टी टैक्स और पानी का बिल जमा कर सकेंगे। यही नहीं, इसके कुछ समय बाद आप अपने घर के निर्माण की परमिशन, लाइसेंस और निगम की अन्य सेवाओं का फायदा भी ले सकेंगे। इसके लिए नगर निगम म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन सिस्टम का मोबाइल फोन एप बना रहा है।
इस एप के जरिए किसी भी स्मार्टफोन से निगम की सेवाओं का ऑनलाइन लाभ लिया जा सकेगा। इसके लिए बस आपको निगम का यह एप अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड करना होगा। निगम से यह एप मुफ्त मिलेगा।
निगम के मुताबिक प्रोजेक्ट उत्थान के तहत साल 2009 में मप्र अर्बन सर्विसेस फॉर पुअर (एमपीयूएसपी) के तहत डिपार्टमेंट फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (डीएफआईडी) से निगम को सिटीजन सेंट्रिक सर्विसेज को अपग्रेड करने के लिए अनुदान के तौर पर 12.73 करोड़ रुपए मिले थे।
इसके तहत निगम ने जुलाई 2012 से ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने समेत अन्य सेवाओं की शुरुआत की थी। अब इसे और आगे बढ़ाते हुए मोबाइल फोन के जरिए जमा करने के एप विकसित किया जा रहा है। 4 मई को इसका डेमो प्रदर्शन किया जाएगा।
यह तो शुरुआत है
लोगों को निगम की सेवाएं सुलभ तरीके से मुहैया कराने के लिए निगम कई स्तरों पर काम कर रहा है। मोबाइल एप और फेसबुक अकाउंट इसकी शुरूआत है। अगले दो महीने में निगम कई नई सेवाएं लांच करेगा। फेसबुक अकाउंट के जरिए हम बीआरटीएस के लिए भी सुझाव लेंगे।॥
विशेष गढ़पाले, कमिश्नर नगर निगम
फेसबुक पर निगम मांगेगा सुझाव
निगम कमिश्नर विशेष गढ़पाले ने फेसबुक पर भोपाल म्युनिसिपल कॉपरेरेशन नाम से अकाउंट बनाया है। इसमें निगम के सभी प्रोजेक्ट्स की पोस्ट डाली जाएगी। लोग इसमें अपने सुझाव और शिकायतों को पोस्ट कर सकते हैं। खुद कमिश्नर इसकी मॉनिटरिंग करेंगे तथा इसमें आए कमेंट के हिसाब से निगम की सेवाओं में सुधार करेंगे।
ये होगा फायदा
नगर निगम में 2 लाख 60 हजार संपत्ति कर के खाते हैं। ये सभी अपने टैक्स की गणना व इसे जमा करने की सुविधा मोबाइल फोन पर पा सकेंगे। इसके साथ ही पानी का बिल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बिल्डिंग परमिशन आदि की सुविधा भी ऑनलाइन हो जाएगी।