खजुराहो। मध्यप्रदेश के रीवा में अटल ज्योति योजना का शुभारंभ करने आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह जब दिल्ली वापस रवाना हो रहे थे तो उन्हें विदा करने के लिए एक भी भाजपाई मौजूद नहीं था। यहां तक कि जिलाध्यक्ष भी नहीं थे।
खजुराहो एयरपोर्ट पर दोपहर बाद हुई भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच की झड़प के बाद सीआईएसएफ के जवान सक्रिय हो गए। उन्होंने एयरपोर्ट के अंदर ज्यादा लोगों को घुसने नहीं दिया। इसी बीच रीवा से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह वापस दिल्ली जाने के लिए शनिवार की शाम करीब 6 बजे खजुराहो एयरपोर्ट आए। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी थे, लेकिन उनसे मिलने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने के लिए नहीं मिली।
जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर राजेश बहुगुणा और एसपी सियास ए. ने उनकी आगुवाई की। इसके बाद राजनाथ सिंह प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन भी भोपाल के लिए रवाना हुए। प्रशासन ने एयरपोर्ट के अंदर भाजपाईयों को नहीं घुसने दिया।