दतिया। लद्याख में चीनी सेना के घुसपैठ को लेकर भारत व चीन के बीच उत्पन्न हुए तनाव के बीच देश के एयर वाइस मार्शल हरी कुमार ने शुक्रवार को तांत्रिक व शक्तिपीठ पीताम्बरा माता के मंदिर में मत्था टेका व विशेष पूजा अर्चना की।
श्री कुमार ने यहां करीब आधा घंटे तक पूजा कर देश की सुख-शांति के लिए मां से प्रार्थना की। उनके साथ उनकी पत्नी भी इस यात्रा में शामिल रहीं। वाइस मार्शल ने अपनी गोपनीय यात्रा के दौरान किसी भी मुद्दे पर बात करने में चुप्पी साधे रखी।
गौरतलब है कि देश के लद्याख क्षेत्र में चीनी घुसपैठ को लेकर दोनो देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। फ्लैग मार्च मीटिंग चल रहीं हैं लेकिन दोनो चीनी सेना व वहां के अधिकारी अपनी घुसपैठ की गलती स्वीकार करने को राजी नहीं हैं।
तनाव की इस स्थिति के बीच एयर वाईस मार्शल हरी कुमार (दिल्ली कोर) की दतिया पीताम्बरा यात्रा को खास मायनों में देखा जा रहा है। बताना मुनासिब होगा कि जब 1962 में चीनी सेना ने हमला किया था तब तांत्रिक पीठ पीताम्बरा मंदिर पर श्री स्वामीजी महाराज द्वारा विशेष हवन कराया गया था जिसके कुछ समय बाद चीनी सेना उलटे पांव लौट गई थी।
अब जबकि चीनी सेना पुन: घुसपैठ कर देश को चुनौती पेश कर रही हैं तो सेन्य अफसर फिर से शक्तिपीठ का रुख कर रहे हैं। यात्रा के दौरान श्री कुमार ने पीताम्बरा पीठ पर पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।
पूर्व थल सेनाध्यक्ष भी लगा चुके हैं अर्जी
पिछले साल आयु सीमा के विवाद में फंसे देश के तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष व्ही के सिंह भी पीताम्बरा पीठ पर मत्था टेक चुके हैं। श्री सिंह की यात्रा भी गोपनीय रही थी।