भोपाल। बड़वानी के तत्कालीन डीएफओ एके बरोनिया से अनुचित मांग करने के आरोपी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (एपीसीसीएफ) एएस अहलावत ने वनमंत्री सरताज सिंह को सफाई दी है कि उनके बैंक खाते में पांच साल से कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ। साथ ही उसमें बैलेंस सिर्फ 790 रुपए है। हालांकि अहलावत ने बैंक खाते से हुए लेन-देन की कोई प्रमाणित प्रति वनमंत्री को नहीं दी।
उधर वनमंत्री के निर्देशों के बावजूद इस मामले की जांच के लिए नियुक्त अधिकारी भौतिक सत्यापन के लिए अभी तक बड़वानी नहीं पहुंचे, जबकि दो हफ्ते में जांच करने के आदेश की मियाद शुक्रवार को पूरी हो गई।
गौरतलब है कि बरोनिया ने शासन को खाता नंबर (005501525093) बताकर आरोप लगाया था कि यह नंबर उन्हें अहलावत ने पैसा डालने के लिए दिया है। बरोनिया ने यह भी आरोप लगाया था कि अहलावत स्पष्टीकरण मांगकर उन्हें परेशान कर रहे हैं जबकि ग्रीन इंडिया मिशन का पूरा काम गाइड लाइन के हिसाब से ही हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच में वन विभाग जानबूझकर लेटलतीफी बरत रहा है।
मामला सामने आने के बाद वन मंत्री ने 12 अप्रैल को जांच के निर्देश दिए थे, जबकि विभाग प्रमुख आरएस नेगी ने मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) बीबी सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त करने का आदेश कुछ दिन बाद जारी किया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि सिंह अभी तक बड़वानी नहीं गए। सिंह को ग्रीन इंडिया मिशन के तहत हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन करना है। उल्लेखनीय है कि बरोनिया ने आरोप लगाया था कि अहलावत स्पष्टीकरण मांगकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ग्रीन इंडिया मिशन का पूरा काम गाइड लाइन के हिसाब से हुआ है। बरोनिया के इसी आरोप की जांच करने के लिए सिंह को बड़वानी के दस गांवों में हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन करना है।
"मुझे आदेश ही 17-18 अप्रैल को मिला है। उस हिसाब से अभी दो हफ्ते नहीं हुए हैं। कुछ व्यस्तता रही है, लेकिन जल्द ही बड़वानी जाऊंगा।"
बीबी सिंह, जांच अधिकारी व सीसीएफ
"बरोनिया द्वारा दिए गए खाते नंबर के बारे में अहलावत ने अपना पक्ष रखा है। वो बता रहे हैं कि खाते में ट्रांजेक्शन ही नहीं हुआ। अब आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जहां तक बड़वानी में ग्रीन इंडिया मिशन के कार्यों के भौतिक सत्यापन की बात है तो जांच अधिकारी अभी तक क्यों नहीं गए, इस बारे में जानकारी लूंगा।"
सरताज सिंह, वनमंत्री