भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने 17 फरवरी को विदिशा में आयोजित कांग्रेस के महासम्मेलन और 24 फरवरी को शाहनगर जिला पन्ना में आयोजित सत्ता परिवर्तन संघर्ष रैली और आम सभा में अपने साथियों सहित भाग लेने के लिए कांग्रेस पक्ष के सभी विधायकों को एक विशेष पत्र लिखा है। श्री भूरिया ने ऐसा ही आग्रह पत्र प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को भेजा है।
श्री भूरिया ने अपने पत्र में विधायकों एवं प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों को विदिशा और शाहनगर के कार्यक्रमों के उद्देश्यों का खुलासा करते हुए कहा है कि विदिशा का महासम्मेलन 17 फरवरी, रविवार को पूर्वान्ह 11 बजे और शाहनगर की रैली एवं आमसभा 24 फरवरी, रविवार को दोपहर 12 बजे आयोजित की गई है। ये दोनों कार्यक्रम प्रदेश की भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, दलित, आदिवासी एवं महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, कुपोषण, बिजली समस्या, वायदा खिलाफी, सड़कों की खस्ता हालत एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आयोजित है।
इन कार्यक्रमों में विधान सभा चुनाव 2013 के लक्ष्य को भी ध्यान में रखा जायेगा और पार्टी के मिशन 2013 को सफल बनाने के लिए जन-चेतना भी जगाई जायेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने इस विशेष पत्र में विश्वास प्रगट किया है कि प्रदेश कांग्रेस ये संभाग स्तरीय मैदानी कार्यक्रम जनता में नई ऊर्जा एवं जोश का संचार करेंगे। इनकी मदद से कांग्रेस के मैदानी कार्यकर्ताओं में विश्वास और एकजुट होकर पार्टी की बेहतरी के लिए काम करने की भावना को भी बल मिलेगा।