भोपाल। अपने बयानों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहने वाले राज्य के वरिष्ठ मंत्री बाबूलाल गौर ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस कबीलों की पार्टी है और हर कबीले का सरदार यह नहीं चाहता कि दूसरा मुख्यमंत्री बने। उन्होंने भाजपा की संगठन शक्ति की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा जैसी संगठन शक्ति किसी भी दल में नहीं है।
गौर ने कांग्रेस को कबीलों की पार्टी करार देते हुए कहा कि जिस प्रकार नार्थ फ्रंटियर में कबीलाई संस्कृति होती है और हर कबीले के अपने सरदार होते हैं। ठीक उसी प्रकार, मप्र कांग्रेस कबीलों में बंटी है। हर कबीले का अपना सरदार है। उन्होंने बाकायदा ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी,कमलनाथ और कांतिलाल भूरिया के नाम लेकर कहा कि ये सभी कबीलों के सरदार हैं और हर कोई किसी दूसरे को मुख्यमंत्री नहीं बनने देना चाहता, इसलिए कांग्रेस का भविष्य अंधकारमय है। गौर ने भाजपा की संगठन शक्ति की तारीफ की और कहा कि दूसरे किसी दल में भाजपा जैसी संगठन शक्ति नहीं है।