भोपाल। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज ठीक वैसा ही एक गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है, जैसा कि दिल्ली में कारित हुआ और जिसे लेकर पूरा देश आंदोलित हो गया था। शादी से लौट रही एक नाबालिग को तीन बदमाशों ने रास्ते से उठाया और खंडहर में लेजाकर गैंगरेप किया। गंभीर रूप से घायल बालिका को ग्वालियर जयरोग्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मामला बीती गुरूवार की रात करीब 8:30 बजे का है। मुरैना के ग्राम बिचौली थाना माता बसैया में एक नाबालिग बालिका अपनी सहेलियों के साथ शादी समारोह में गई थी। वहीं से लौटते समय जब वो अकेले रास्ते पर अपने घर की ओर जा रही थी कि तभी तीन आरोपी शंकर, शेरू एवं सोवरन ने उसे दबोच लिया एवं एक खंडहर में ले गए।
यहां तीनों ने बारी बरी से उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान बालिका लगातार बलात्कारियों से संघर्ष करती रही और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में घायल बालिका अपने घर पहुंची यहां से पुलिस को सूचना दी गई। उसे मुरैना अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रिफर कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक बालिका जिंदगी और मौत से जूझ रही थी।