भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आपदा पीड़ित किसानों के खेतों का सर्वे किस तरह से होता है इसकी पोल खोलकर रख दी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने मुझे मेरे एक खेत में तुअर की फसल खराब होने के चलते मुआवजा राशि दी, जबकि मैने उस खेत में कभी तुअर बोई ही नहीं। अजय सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारी चैहरा देखकर राहतराशि का निर्धारण करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने ओला-प्रभावित किसानों की बर्बाद फसलों का सर्वे तत्काल प्रारंभ करने और समान रूप से राहत देने की मांग की है न कि चेहरा और पद देखकर। श्री सिंह आज 139 के तहत ओला-पाला से प्रभावित फसलों पर हुई चर्चा में बोल रहे थे।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि आज किसान बैचेन है क्योंकि बड़ी मेहनत से बोई गई फसल बर्बाद हो गई उसकी रोजी रोटी छिन गई। ऐसी आपदा के समय सरकार की जो त्वरित कार्यवाही होनी चाहिए थी वह दिख नहीं रही है। श्री सिंह ने कहा कि सर्वे का कार्य तेजी से किया जाना चाहिए और समान रूप से होना चाहिए। इसमें पद, प्रभाव को नही देखा जाना चाहिए।
तुअर की फसल बोई ही नहीं मुआवजा मिल गया
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने आज मध्यप्रदेश विधानसभा में यह बताकर सनसनी फैला दी की आपदा राहत राशि तुअर फसल के नुकसान की उस खेत के लिए दी गई जहां तुअर की फसल बोई ही नहीं गई। श्री सिंह ने बताया कि यह फर्जीवाड़ा किसी और के साथ नहीं स्वयं उनके साथ हुआ। नेता प्रतिपक्ष ने बताया की चुरहट में उनकी जमीन है।
चुरहट के तहसीलदार एवं एस.डी.एम. के पत्र के साथ 23240 रूपये का चेक संलग्न था जो मुझे मेरे खेत में तुअर की फसल खराब होने के कारण राहत राशि के रूप में दिया गया था। श्री सिंह ने कहा कि जिस खेत में तुअर की फसल बोना दिखाया गया वहां मैंने तुअर कभी बोई नहीं वहां यू.के. लिप्टस के ही पेड़ लगाए थे। श्री सिंह ने कहा कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है की किस तरह राहत और मुआवजा राशि का वितरण होता है।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने यह वाक्या ओला-पाला पर 139 के तहत हुई चर्चा में सुनाते हुए कहा कि वाकई जो किसान जरूरत मंद है जिसकी फसल बर्बाद हुई जो पात्र है मुआवजा या राहत राशि उसी को मिले यह सरकार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपदा में भी घोटाले नहीं होना चाहिए।
रेल बजट का स्वागत किया
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने रेल बजट का स्वागत करते हुए कहा कि पहली बार इस बजट में संपूर्ण भारत की तस्वीर दिखलाई देती है। श्री सिंह ने कहा कि इस रेल बजट में विश्व के इस सबसे बड़े आवागमन के साधन को सुद्दड़ बनाने के प्रयास किए गए। उन्होंने यात्री किराया न बढ़ाने पर रेलमंत्री का आभार व्यक्त किया।