भोपाल। शाजापुर के सांसद सज्जन वर्मा ने आज सीएम के भाई पर बिना किसी आधार के ही आरोप ठोक डाला। आरोप भी ऐसा वैसा नहीं, रिकार्ड तोड़ देने वाला आरोप। एक ऐसा मामला जो शिवराज सिंह को सीधे कटघरे में ला खड़ा करता है।
टीवी पत्रकारों से बातचीत के दौरान आज सांसद सज्जन वर्मा ने सीएम शिवराज सिंह के भाई नरेन्द्र सिंह चौहान पर आरोप लगा डाला कि उनके पास मात्र 14 बीघा जमीन है, जबकि उन्होंने 4 हजार क्विंटल गेंहू बेच दिया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले के उनके पास पूरे दस्तावेज मौजूद हैं एवं शीघ्र ही वो बड़ा खुलासा करने जा रहे हैं।
खेत खलिहानों के जानकार समझ सकते हैं कि यह एक बहुत बड़ा मामला था। 14 बीघा जमीन में 4 हजार क्विंटल का उत्पादन कतई संभव नहीं है और यदि सीएम के भाई ऐसा कर रहे हैं तो निश्चित रूप से यह एक संगीन मामला है।
इस मामले में पूरी जानकारी के लिए जब भोपालसमाचार.कॉम ने सांसद सज्जन वर्मा से चर्चा की तो वो उलझ गए। उनसे पूछा गया कि जिस 14 बीघा जमीन की वो बात कर रहे हैं, वो कहां स्थित है। श्री वर्मा ने बताया कि ग्राम जैत जिला सीहोर। हमारा सवाल था कि 4 हजार क्विंटल गेंहू उन्होंने किस अवधि में बेचा तो श्री वर्मा के पास पर्याप्त जवाब नहीं था। उन्होंने भोपालसमाचार.कॉम को बताया कि जब वो अवैध रेत उत्खनन के विरोध में गए थे तब कार्यकर्ताओं ने उन्हें इस मामले के बारे में बताया था और कार्यकर्ताओं के पास ही दस्तावेज मौजूद हैं।
कुल मिलाकर बिना विषय का अध्ययन किए, कही सुनी बातों के आधार पर सांसद महोदय ने मीडिया में स्पेश पाने के लिए एक आरोप जड़ डाला। शायद भविष्य में कभी वो इस मामले में कोई दस्तावेज पेश कर पाएं, परंतु फिलहाल तो उनके पास जवाब तक नहीं है।