भोपाल। नगरनिगम के नए एवं युवा कमिश्नर विशेष गढ़पाले ने आज अपने सभी अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारियों को दो महीने का अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने कहा है कि दो महीने तक मैं केवल काम की समीक्षा करूंगा और यदि परफार्मेंस नहीं सुधारी गई तो फिर किसी प्रकार की कोई सुनवाई नहीं होगी। सीधे कार्रवाई होगी।
निगम कमिश्नर आज माता मंदिर स्थित निगम आफिस में सभी शाखाओं के काम की समीक्षा कर रहे थे। वो यहां करीब चार घंटे तक रहे। निगम में अधिकारियों कर्मचारियों के फेरबदल के मामले में उन्होने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि मैं फीडबैक पर काम करना पसंद नहीं करता।
अगले दो महीने तक मैं सभी काम देखूंगा और फिर जो भी निर्णय लिया जाएगा उसे बदला नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारी अधिकारी अपने काम में जुट जाएं और रिजल्ट आरिएंटेड काम शुरू करें। कमिश्नर ने सभी शाखाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।