इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने खंडवा वनमंडल के दो कर्मचारियों-फारेस्ट गार्ड एवं लेखापाल को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्रसिंह ने बताया कि फरियादी राकेश मालवीय पिता राम मालवीय निवासी खंडवा ने शिकायत की थी कि वह लकड़ी का व्यवसाय करता है और उसने बढ़ई के लायसेंस के लिए 1 जनवरी 2013 को वन मंडल खंडवा में आवेदन दिया था। वनपाल किशोर तिवारी एवं लेखापाल विजयकुमार गुप्ता ने सांठगांठ कर उनसे लायसेंस के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
मालवीय के परिवार के दो अन्य लोगों ने भी लायसेंस के लिए आवेदन किया था। लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर गुरुवार को अपराह्न फारेस्ट गार्ड किशोर तिवारी और लेखापाल विजयकुमार गुप्ता को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते वन मंडल कार्यालय में धरदबोचा।