भोपाल। भाजपा विधायक ध्रुवनारायणसिंह के भाई अशोक नारायण सिंह के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किए जाने की मांग को लेकर युवक कांग्रेसियों ने शुक्रवार की दोपहर राजधानी के महाराणा प्रतापनगर थाने का घेराव कर दिया। गौरतलब है कि एक युवती ने अशोक नारायण सिंह के खिलाफ बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई है।
उधर सिंह ने आरोपों को नकारते हुए उन्हें ब्लेकमेल किए जाने का आरोप लगाया है। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर करीब एक बजे महाराणा प्रताप नगर थाने पहुंचकर थाने पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और घेराव किया। प्रदर्शनकारी युवक कांग्रेसी 'बलात्कारियों को गिरफ्तार करो, गिरफ्तार करो' आदि नारे लगा रहे थे। युवक कांग्रेसियों का आरोप है कि आरोपी, भाजपा विधायक का भाई होने के कारण पुलिस उस पर कार्रवाई नहीं कर रही है। खबर लिखे जाने तक थाने का घेराव जारी था।