भोपाल। मध्यप्रदेश के 251 मंडियों के लिए हो रहे चुनावों की शुरूआत हंगामा और हमलों से हुई। मुरैना में कलेक्टर और एसपी पर ही हमला कर दिया गया, भिंड में फायरिंग हुई, होशंगाबाद, सिवनी एवं भिंड में मतदान का बहिष्कार भी किया गया।
प्रदेश भर के कई इलाकों से हंगामे की खबरें आ रहीं हैं। चुनाव के दौरान जमकर हथियारों का उपयोग भी किया जा रहा है। भिंड के एक मतदान केन्द्र औकान पर उपद्रवियों से कब्जा कर लिया, करीब आधा दर्जन बूथ पर फायरिंग हुई, मतपत्र फाड़े गए एवं पीठासीन अधिकारियों के साथ मारपीट के समाचार हैं।
मुरैना से जानकारी मिल रही है कि यहां उपद्रवियों से कलेक्टर एवं एसपी तक पर हमला कर दिया। सुबह 10 बजे कलेक्टर डीडी अग्रवाल और एसपी जयवेदन ए. निरीक्षण के दौरान फर्जी वोटिंग रोक रहे थे कि तभी उपद्रवियों से हमला कर दिया।
होशंगाबाद के डोलरिया, भिंड में दुल्हारगंज एवं सिवनी से खबर आ रही है कि यहां मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया है जबकि दतिया से सूचना मिल रही है कि वहां दो प्रत्याशियों के बीच झगड़ा हो गया।
