भोपाल। एक अकेला सीएमओ पूरी की पूरी नगरपालिका पर भारी पड़ रहा है। इनके खिलाफ पार्षद से लेकर अध्यक्ष तक सारे के सारे जनप्रतिनिधि एकराय हैं। नगरपालिका में विधिवत प्रस्ताव भी पास कर दिया गया, लेकिन सीएमओ को हटा नहीं पाए।
मामला मुरैना नगरपालिका परिषद का है। नगरपालिका के अध्यक्ष राजेश कथूरिया सहित 22 पार्षदों ने 12 दिसम्बर को नगरपालिका में सीएमओ रामवीर सिंह को हटाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जो बहुमत से पास हो गया। यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया, लेकिन शासन ने कोई कदम नहीं उठाया।
गुस्साए जनप्रतिनिधि एकजुट होकर भोपाल आ धमके। यहां नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर एवं नए प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर से भी मिले, लेकिन यहां भी उन्हें कोई संतोषजनक जबाव नहीं मिला।
अंतत: पूरी की पूरी नगरपालिका परिषद खाली हाथ भोपाल से वापस लौट गई। यह शासन मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार होगा जब पूरी की पूरी परिषद पर एक अधिकारी इस कदर भारी पड़ गया हो। सारे जनप्रतिनिधि एकराय हो गए हों फिर भी अधिकारी को हटाया न जाए। अब यह मामला मुरैना नगरपालिका परिषद की प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। देखना रोचक होगा कि सीएमओ के खिलाफ झंडा उठाए नगरपालिका अध्यक्ष और 22 पार्षदों का अगला कदम क्या होगा।