अन्याय नहीं होगा, सबको योग्य पद मिलेगा: नरेन्द्र सिंह तोमर

shailendra gupta
भोपाल। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि शीघ्र ही भाजपा की प्रदेश इकाई का गठन कर लिया जाएगा एवं जिलों में भी किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। सबको, सबके योग्य पद मिलेगा। सनद रहे कि मध्यप्रदेश के 12 जिलों में अभी भी जिलाध्यक्ष की नियुक्तियां शेष हैं। करीब 6 जिलों में नाम तय हो गए थे, परंतु अब क्या होगा, भविष्य ही बताएगा।


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जल्दी ही पार्टी के प्रदेश इकाई का समग्रता से गठन किया जायेगा। जिलों में भी जिला इकाईयों के गठन में सभी को क्षमता के अनुसार दायित्व मिले इस बात का ध्यान रखा जायेगा और सम्यक प्रतिनिधित्व मिल सके इसकी कोशिश की जायेगी।

उन्होंने कहा कि सभी के बीच में समन्वय होगा। आने वाले दिनों में मिशन 2013 की चुनौती का सब मिलजुलकर सामना करेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार की अपेक्षा पर खरे उतरने के लिए पार्टी संगठन प्राणपन से जुटेगा।

इलेक्ट्रानिक मीडिया द्वारा दिग्विजय सिंह के बयान की ओर ध्यान आकृष्ट किए जाने पर नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति उत्कृष्ट है। आतंकवादी तत्वों पर राज्य में अंकुश लगा है जिन्हें कांग्रेस के शासन में संरक्षण और प्रश्रय मिला था उनको समूल नष्ट किया गया है।

आपने कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस ने तुष्टीकरण को परवान चढाया आतंकवादी तत्वों को शह मिली, लेकिन प्रदेश में शिवराजसिंह चैहान के नेतृत्व में सभी वर्गो और समुदायों को समान अवसर, सभी को न्याय भेदभाव के बिना सभी को समान इंसाफ की नीति का ईमानदारी से अमल किया जा रहा है।

यही कारण है कि सभी समुदायों का बराबरी का लाभ मिलने से उनमें नया विश्वास जगा है। भारतीय जनता पार्टी में सभी ने विश्वास व्यक्त किया है। हाल के नगरीय निकाय चुनाव और पूर्व में संपन्न उपचुनावों में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिली है।

नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 9 वर्षों में विकास पर फोकस रखा है। इसका नतीजा भी सामने आया है। विकास दर 10 प्रतिशत और कृषि विकास दर 18 प्रतिशत दर्ज हुई है।

एक प्रश्न के उत्तर में नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि कार्यकर्ता की भावना से ही कार्य करूंगा। पार्टी हमारा परिवार है जहां परस्पर विश्वास और समर्पण भाव व्यक्त होता है। परस्पर समर्पण भावना से ही पार्टी ने जनाधार बढाया है। पार्टी का देश में विस्तार हुआ है। सभी को साथ लेकर पार्टी अपनी ध्येय निष्ठा को पूर्ण करेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!