भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मानक अग्रवाल ने बताया है कि प्रदेश में मंडी चुनाव के अंतर्गत हुए मतदान को प्रभावित करने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा की गई धांधली की प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंडी बोर्ड आयुक्त से लिखित शिकायत की है।
कांग्रेस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भाजपा ने सत्तारूढ़ पार्टी होने की अपनी हैसियत का मंडी चुनावों में भारी दुरूपयोग किया है। उसने मतदान को प्रभावित करने के लिए धन बल, सत्ता बल और बाहुबल का खुलकर प्रयोग किया है। मतदान के पूर्व वह मतदाता सूचियों में हेरफेर तो कर ही चुकी है।
श्री अग्रवाल ने बताया है कि कांग्रेस ने मंडी बोर्ड आयुक्त को अवगत कराया है कि कांग्रेस की अपेक्षा तो यह थी कि मंडी चुनाव भयमुक्त वातावरण में निष्पक्षता के साथ संपन्न होंगे, किंतु आज के मतदान में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने हथकंडों के कारण कांग्रेस की इस अपेक्षा को पूरी नहीं होने दिया।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष ने बताया है कि कांग्रेस ने आशंका प्रगट की है कि मतगणना के समय भी भाजपा की ओर से बड़े पैमाने पर धांधली की जा सकती है। इसलिए कांग्रेस ने मंडी बोर्ड आयुक्त से मतगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और मतदान की मुख्य प्रक्रिया का वीडीओकरण कराने की मांग की है। इसके अलावा कांग्रेस की ओर से मतगणना के समय मतगणना स्थल पर पर्याप्त और चैकन्नी पुलिस व्यवस्था कराने का आग्रह भी आयुक्त से किया गया है।