भोपाल। जबलपुर में बीते दिनों हुआ सनसनीखेज गैंगरेप कांड भाजपा नेता के बेटे द्वारा कारित किया गया है। यह आरोप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने लगाए। सनद रहे कि आरोपी नाबालिग युवती को उसके घर से उठाकर ले गए एवं तीन दिन तक उसके साथ गैंगरेप करते रहे।
श्री भूरिया ने कहा कि कुछ माह पूर्व इंदौर जिले के बेटमा में दो लड़कियों के साथ हुए गैंगरेप की जघन्य घटना में भी भाजपा नेताओं के परिवार के युवक शामिल थे। इसके बाद भी बलात्कार की घटनाओं में भाजपा के लोग लिप्त पाये गए हैं।
ये वे ही लोग हैं, जो हर रोज भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रात दिन दुहाई देकर आम लोगों को भ्रमित करते रहे हैं। आपने ग्राम रानीताल की शर्मनाक घटना की कठोरतम शब्दों में निंदा करने हुए गैंगरेप के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरूद्व कड़ी कानूनी धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। नैतिक पतन की इन घटनाओं ने भारतीय जनता पार्टी के ढ़ोंग की चादर को तार-तार कर डाला है और उसके असली रूप को सबके सामने पेश कर दिया है।
श्री भूरिया ने गैंगरेप के इस मामले को दबाने की प्रशासनिक कोशिशों की निंदा करते हुए कहा है कि घटना के दिन पीड़ित लड़की का पिता गांव से बाहर था, इस कारण दूसरे दिन बुधवार को वह लड़की को साथ सुबह 10 बजे गोसलपुर पुलिस चैकी पहुंचा था, किंतु सत्तारूढ़ भाजपा के नेता के दबाव में आकर पुलिस ने गैंगरेप की रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं की और पीडिता के पिता को वहां से चलता कर दिया।
परेशान पिता ने जब गांव के एक प्रभावशाली व्यक्ति की मदद ली तब उसकी पहल पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, एडवोकेट के हस्तक्षेप के बाद काफी विलंब से गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसडीओपी, सिहोरा ने प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा बरती गई लापरवाही पर परदा डालते हुए कहा है कि पीडिता दोपहर 12 बजे पहुंची थी। आरोपियों पर दोपहर लगभग डेढ़ बजे गैंगरेप का प्रकरण दर्ज किया गया है। यह बेहद आपत्ति एवं खेद की बात है कि नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की जघन्य घटना की रिपोर्ट भी एसडीओपी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के हस्तक्षेप के बाद लिखी गई।
श्री भूरिया ने कहा है कि पुलिस के इस रवैये से स्पष्ट है कि इन दिनों भाजपाइयों से पुलिसकर्मी भी बुरी तरह आतंकित हैं। वे कितना भी बड़ा अपराध क्यों न कर गुजरें उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की हिम्मत नहीं कर पाते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा है कि प्रदेश में रोजाना नौ बलात्कार हो रहे हैं। दरिंदों ने वर्ष 2010 में 3135 और 2011 में 3506 महिलाओं की अस्मत लूटी है। वर्ष 2012 के समाप्त होते-होते ऐसा लगता है कि आंकड़े पिछले साल से बहुत आगे निकल जाएंगे। भाजपा सरकार के लिए यह अत्यंत शर्म की बात है कि उसके चलते प्रदेश में इस साल गैंगरेप का जो सिलसिला शुरू हुआ है वह थमने का नाम नहीं ले रहा है।
उन्होंने कहा है कि यह स्थिति साबित करती है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चैपट हो चुकी है और असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों का राज कायम हो गया है। पुलिस तथा कानून का भय एकदम समाप्त हो चुका है।
आपने आगे कहा है कि ग्राम रानीताल की घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने म.प्र. महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जायसवाल को ग्राम रानीताल भेजा है। वे पीड़ित लड़की और परिवार से भेंट कर घटना से संबंधित तथ्यों का अध्ययन कर उन्हें अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। आपने कहा है कि प्रदेश में बहन-बेटियों के अमानुषिक उत्पीड़न को लेकर प्रदेश की निकम्मी सरकार के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन करेगी।