भोपाल। सच पर आधारित पत्रकारिता कहीं खो गई है और मैं समझता हूं कि सबसे बड़े शोध का विषय ही यही होना चाहिए। मैं प्रदेश सरकार की ओर से कहना चाहता हूं कि पत्रकारों के कल्याण के लिए जो भी संभव होगा सरकार हमेशा इसके लिए तैयार है। उक्त विचार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इन्दौर प्रेसक्लब के अंतर्गत भोपाल में आयोजित शोध आधारित पत्रकारिता विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन में व्यक्त किए।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि इन्दौर प्रेसक्लब ने जो कल्याण कोष बनाने का निर्णय लिया है उसमें मैं उनके साथ हूं और इसीलिए नहीं कि आप सरकार का समर्थन करें बल्कि इसलिए कि आप अच्छी पत्रकारिता करें।
सीएम ने कहा कि पत्रकार निश्चित रूप से जोखिम भरा जीवन व्यतीत करता है। एक सच को सामने लाने के लिए कई बार अपनी जान को भी जोखिम में डालने का काम करता है और सरकार का यह धर्म है कि वो ऐसी पत्रकारिता के पीछे खड़ी रहे।
सीएम शिवराज सिंह से पूर्व पहले सत्र में सदन को प्रदेश टुडे के एडीटोरियल डायरेक्टर उमेश त्रिवेदी, वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा एवं नवदुनिया के संपादक गिरीश उपाध्याय ने शोध आधारित पत्रकारिता के विषय में अपने विचार व्यक्त किए।
इस आयोजन में भोपाल एवं इन्दौर के कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक आयोजन का सिलसिला जारी था।