भोपाल। रायसेन में एक नपा कर्मचारी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उसकी ड्यूटी सफाई अभियान के दौरान जहरीली दवा के छिड़काव पर लगाई गई थी, लेकिन उसे न तो मास्क दिया गया था और न ही दस्ताने। सनद रहे कि बीते साल भी इसी कारण के चलते एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।
रायसेन से आ रही रिपोर्ट के अनुसार जिले की उदयपुरा नगर पंचायत में गुरुवार को नगरीय स्वच्छता अभियान के तहत नगर में साफ सफाई करवाई जा रही थी और नालियों में दवाई का छिड़काव कार्य भी जारी था।
नालियों में दवा छिड़काव के दौरान सफाई कर्मी विपिन दोहरे उम्र 22 वर्ष को दवाई लग गई जिससे उसकी आंखों में जलन होने लगी और पेट में जलन पडऩे से वह गिर पड़ा जिसके बाद परिजनों ने उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष दवाई छिड़काव के दौरान उसके एक परिजन की मौत हो जाने का मामला भी सामने आया था, लेकिन लापरवाही बरतने के लिए आदी हो गई नगर पंचायत उदयपुरा ने इस बार भी दवाई छिड़काव में लापरवाही बरती जिसके के चलते युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जहरीली दवा,सुरक्षा ताक पर:
नालियों में जिस दवाई का छिड़काव किया जाता है वह जहरीली होती जिसके सम्पर्क में आने से मानव के लिए अत्यधिक घातक साबित भी होती है। सफाई प्रभारी देवेन्द्र राय द्वारा सफाई कर्मी को कोई भी सुरक्षा संबंधी मास्क एवं हाथ के दस्ताने ना दिए जाने के लिए युवक की जान पर बन आई।