सिंहस्थ की तैयारियां शुरू, 332 करोड़ मांगे

shailendra gupta
भोपाल। उज्जैन में होने जा रहे सिंहस्थ की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने व्यवस्था के लिए 332 करोड़ रुपए की मांग की है। यह मांग पत्र सीएम शिवराज सिंह की ओर फारवर्ड किया गया है। 


उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और उज्जैन जिले के प्रभारी श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कल उज्जैन में 2016 में होने वाले सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 332 करोड़ रुपये के 52 कार्य की मंजूरी के लिये प्रस्ताव मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली साधिकार समिति को भेजने का निर्णय लिया गया।

श्री विजयवर्गीय ने निर्देश दिये कि सिंहस्थ भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिये कार्य-योजना बनाई जाये। प्रस्तावित नये रिंग रोड से महाकाल मंदिर की दूरी तथा रिंग रोड से मिलने वाली मंदिर की एप्रोच सड़कों को नक्शे में व्यवस्थित रूप से चिन्हांकित किया जाये। उन्होंने पंचक्रोशी मार्ग और सिंहस्थ के लिये चिन्हित भूमि पर बारिश के पूर्व वृक्षारोपण करने के निर्देश दिये, जिससे सिंहस्थ के समय श्रद्धालुओं को छाया उपलब्ध हो सके। उन्होंने आगर रोड फोर-लेन तथा कमरी मार्ग को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने क्षिप्रा नदी संरक्षण के लिये मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित रिवर कॉरीडोर योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने के भी निर्देश दिये।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री पारस जैन, पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष डॉ. मोहन यादव, महापौर श्री रामेश्वर अखण्ड, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिवाकर नातू, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष श्री अशोक प्रजापत, मध्यप्रदेश हज कमेटी अध्यक्ष श्री सनवर पटेल, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री किशोर खण्डेलवाल, विधायक श्री शिवनारायण जागीरदार तथा संभाग आयुक्त, कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!