भोपाल. मध्यप्रदेश में सब्सिडी वाले सिलेंडर के साथ गैस कनेक्शन लेने वालों का लंबा इंतजार मंगलवार को खत्म हो गया । पेट्रोलियम मंत्रालय ने सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या छह सीमित होने के बाद पहली बार 45 हजार से अधिक लोगों को ये कनेक्शन आवंटित कर दिए हैं।
ये कनेक्शन 19 अक्टूबर 2012 तक नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को दिए गए हैं। इसके बाद आवेदन करने वालों की सूची जनवरी के पहले हफ्ते तक क्लियर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या छह सीमित होने के बाद से पेट्रोलियम मंत्रालय ने नए गैस कनेक्शन देने पर रोक लगा दी थी।
ज्यादा जरूरतमंद लोगों को बाजार मूल्य वाले गैस सिलेंडर के साथ कनेक्शन दिए जा रहे थे। नतीजतन पूरे प्रदेश में सब्सिडी वाले गैस कनेक्शन चाह रहे लोगों की संख्या 50 हजार के पार चली गई थी।
इसलिए हुआ विलंब
पेट्रोलियम मंत्रालय ने सब्सिडी का दुरुपयोग रोकने के लिए नेशनल इंफारमेटिक्स सिस्टम (एनआईसी) की मदद ली थी। सभी तेल कंपनियों को निर्देश दिए गए थे कि वे डीलर्स से मिले और नए आवेदकों के डाटा एकत्र कर एनआईसी में डाल दे। इसके बाद शुरू हुई वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में छोटे राज्यों को पहले तरजीह दी गई थी।
अब तक मंत्रालय उत्तर पूर्व, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में सब्सिडी वाले सिलेंडर कनेक्शन जारी कर चुका है।
पहले कनेक्शन लेने वालों को भी मिलेगा फायदा
जरूरत के चलते पहले ही बाजार मूल्य वाले गैस सिलेंडर के साथ कनेक्शन लेने वाले भी सब्सिडी के पात्र होंगे। बशर्ते उनका कनेक्शन एक पते पर कई कनेक्शन या एक नाम पर कई कनेक्शन के दायरे में आने के कारण निरस्त न हुआ हो।
ये 18 दिसंबर से 31 मार्च तक तीन सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए पात्र होंगे। हालांकि इससे पहले लिए गए बाजार मूल्य के सिलेंडर पर कोई पैसा रिफंड नहीं होगा।