देश का पहला गौ-अभयारण्य मध्यप्रदेश में: 24 दिसम्बर को होगा भूमि-पूजन

shailendra gupta
भोपाल। देश का पहला और अनूठा गौ-अभयारण्य मध्यप्रदेश में बनेगा। कामधेनु गौ-अभयारण्य 472 हेक्टेयर में शाजापुर जिले की सुसनेर तहसील के सालारिया गांव में आकार ले रहा है। आगामी 24 दिसम्बर को गौ-अभयारण्य का भूमि-पूजन होगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उच्च-स्तरीय बैठक में आज यहाँ मंत्रालय में कामधेनु गौ-अभयारण्य स्थापना की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने गौ माता के लिये गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधा संपन्न आश्रम-स्थल तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने अभयारण्य में गायों के पीने के लिये स्थायी जल-स्रोत की आवश्यकता बतलाते हुए सरोवर निर्माण करने के भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि गायों को हरा चारा निरंतर मिलना चाहिये। इसके लिये अभयारण्य में ही चारा विकास करने स्थान निश्चित करने के निर्देश दिये। 

श्री चौहान ने कहा कि गौ माता की सेवा में लगे गौ-सेवकों, गौ-पालकों और गौ-शालाओं के संचालकों को पुरस्कृत किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने अभयारण्य के प्रबंधन में गौ-सेवकों और समर्पित भाव से गौ-सेवा में लगे लोगों का सक्रिय सहयोग लेने की पहल करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गौ माता का संरक्षण स्थानीय अर्थ-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही सांस्कृतिक जागरण का भी प्रतीक है।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश की उत्कृष्ट गौ-शालाओं को पुरस्कृत किया जायेगा। गौ-शाला में उपलब्ध गौ-वंश के चारे की राशि पाँच रुपये से बढ़ाकर दस रुपये प्रति गौ-वंश की जायेगी। गौ-अभयारण्य के परिसर में पशु औषधालय की स्थापना भी की जायेगी। सौ एकड़ भूमि चारा उगाने के लिये आरक्षित की जायेगी। गौ-अभयारण्य 472 हेक्टेयर शासकीय भूमि में बनाया जायेगा। अभयारण्य के आसपास फेन्सिंग लगायी जायेगी। प्रथम चरण में 500 गौ-वंश के लिये शेड का निर्माण किया जायेगा। गौ-अभयारण्य संचालन के लिये प्रबंध समिति का गठन किया जायेगा।

प्रथम चरण में गौ-वंश के लिये जरूरी अधोसंरचना निर्माण किया जायेगा। जैविक खाद का निर्माण शुरू होगा। दूसरे चरण में नस्ल सुधार कार्यक्रम के साथ गौ-मूत्र आधारित औषधियों का निर्माण शुरू किया जाएगा। तीसरे चरण में भारतीय गौ-वंशीय नस्लों का संरक्षण शुरू होगा।

बैठक में संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा, गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, मुख्य सचिव श्री आर. परशुराम, अपर मुख्य सचिव श्रीमती अरुणा शर्मा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री मनोज श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव पशुपालन श्री देवराज बिरदी और मुख्यमंत्री के सचिव श्री हरिरंजन राव उपस्थित थे।


सुसनेर के सालरिया में शुरू होगा देश और प्रदेश का पहला गौ-अभयारण्य


मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले की तहसील सुसनेर के ग्राम सालरिया में कामधेनु गौ-अभयारण्य इसी माह शुरू हो जायेगा। प्राचीन समय में गाय को प्राप्त सम्मान एवं गरिमा को ध्यान में रखते हुए अभयारण्य में भारतीय गौ-वंश की नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन के व्यापक इंतजाम किये जायेंगे। कामधेनु अभयारण्य भोपाल से लगभग 200 और उज्जैन से लगभग 114 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अभयारण्य के उत्तर में राजस्थान का झालावाड़ जिला, उत्तर-पूर्व में राजगढ़, पूर्व में सीहोर, दक्षिण में देवास और पश्चिम में उज्जैन, रतलाम एवं मंदसौर जिले रहेंगे।

अभयारण्य में गाय के गोबर और गौ-मूत्र से कीटनाशक का निर्माण, गौ-वंश के लिये चारागाहों का विकास, लावारिस और दान में प्राप्त और पुलिस द्वारा जप्त गायों के लिये आवास, आहार की सुनिश्चितता तथा गौ-वंश के निर्भय एवं स्वतंत्रत विचरण के लिये पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। गौ-वंश के लिये प्राकृतिक और स्वाभाविक वातावरण का निर्माण भी अभयारण्य का प्रमुख लक्ष्य है।

मध्यप्रदेश सरकार की पहल पर शुरू होने जा रहे इस गौ-अभयारण्य में गाय से प्राप्त होने वाले गोबर, गौ-मूत्र, पंचगव्य आदि के इस्तेमाल पर शोध, अन्वेषण और अनुसंधान किया जायेगा। गाय के प्रति समाज की आस्था को देखते हुए अभयारण्य को सुंदर स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। तीन चरण में इसका समग्र रूप से विकास करवाया जायेगा। विभिन्न विभाग यहाँ अपनी गतिविधियाँ संचालित करेंगे। अभयारण्य में गौ-वंश के लिये जल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। इसके लिये तालाबों का निर्माण करवाया जायेगा। पशु-चारे के लिये मक्का तथा बरसीम की खेती होगी। वन विभाग बड़े पैमाने पर चारा उत्पादन की योजना चलायेगा। अभयारण्य की बाउण्ड्री वॉल के लिये खंतियाँ बनाई जायेंगी, जिस पर वन विभाग वृक्षारोपण करेगा। गायों के लिये बनाये जाने वाले शेड्स पर सोलर पेनल स्थापित किये जायेंगे, जिसके माध्यम से अभ्यारण्य में प्रकाश की व्यवस्था रहेगी।

ग्राम सालरिया की 472.63 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस अभयारण्य की कुल अनुमानित लागत डेढ़ करोड़ से अधिक आयेगी। यह राशि पहले चरण में अभयारण्य के अधोसंरचना विकास पर खर्च की जायेगी। अभयारण्य में गत वर्ष 2011-12 से विभिन्न निर्माण कार्य करवाये गये हैं। पहले चरण में लगभग 5 हजार गौ-वंश के रहने की व्यवस्था के लिये शेड-निर्माण, पशु अवरोधक खंती, चारा गोदाम, पानी की टंकी, कूप-निर्माण, पम्प-हाउस, सम्प वेल, पाइप-लाइन और कार्यालय आदि की व्यवस्था की गई है। भविष्य में प्रतिवर्ष एक हजार गौ-वंश के रहने के लिये शेड निर्मित होंगे।

अभयारण्य में प्रतिवर्ष 60 हजार हेक्टेयर भूमि पर उन्नत चारागाह विकसित किया जायेगा। चारागाह विकास और हरे चारे के उत्पादन का कार्य चरणबद्ध रूप से होगा। अभयारण्य में विद्युत की भी पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। दूसरे चरण में जैविक खाद निर्माण, गौ-वंश में नस्ल-सुधार का कार्य और पंचगव्य एवं गौ-मूत्र से औषधि निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य होंगे। अपराम्परागत ऊर्जा स्रोतों जैसे गोबर गैस से विद्युत उत्पादन का कार्य भी इसी चरण में होगा। दीर्घजीवी और पक्षियों को आकर्षित करने वाले वृक्ष भी दूसरे चरण में लगाये जायेंगे। बड़े स्तर पर गाय के दूध से बनने वाले घी का निर्माण तथा उसके विपणन का कार्य भी यहाँ होगा।

तीसरे चरण में देश में उपलब्ध 34 गौ-वंशीय नस्लों के संरक्षण का कार्य होगा। पंजीकृत गौ-शालाओं के लिये विभिन्न प्रकार की जैविक खाद और गौ-मूत्र से बनने वाली औषधि के निर्माण, बेहतर पशु-पालन, चारागाह विकास आदि विषयों पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!