इंदौर।
इंदौर प्रेस क्लब शोध आधारित पत्रकारिता पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी
का आयोजन करने जा रहा है। संगोष्ठी का उद्घाटन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह
चौहान जनसंपर्क एवं उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के मुख्य आतिथ्य
में करेंगे। इस अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब की समूह बीमा योजना एवं वेबसाइट
का शुभारंभ भी होगा।
इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल, महासचिव अरविंद
तिवारी एवं संगोष्ठी संयोजक संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार 21
दिसंबर 2012 को होटल पलाश, भोपाल में आयोजित इस संगोष्ठी के तीन सत्रों में
पत्रकारिता में शोध का महत्व, पत्रकारिता में शोध की विधियां और कैसा हो
एक आदर्श शोध केंद्र विषय पर विमर्श होगा।
इंदौर प्रेस क्लब में स्थापित
होने जा रहे पत्रकारिता शोध केंद्र को आकार देने के लिए इस संगोष्ठी का
आयोजन जनसंपर्क विभाग मध्यप्रदेश शासन, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय
पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय तथा इंडिया मीडिया सेंटर के मध्यप्रदेश
चेप्टर के सहयोग से किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में स्वास्थ्य
राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया एवं आयुक्त जनंसपर्क विभाग राकेश श्रीवास्तव
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ पत्रकार सर्वश्री मधुसूदन आनंद,
प्रो. पुष्पेश पंत, श्यामलाल यादव, डॉ. वर्तिका नंदा, के.जी. सुरेश, उमेश
त्रिवेदी, अशोक वानखेड़े, अनिल जैन, विजय दास, प्रकाश हिंदुस्तानी, गिरीश
उपाध्याय, विजय मनोहर तिवारी, रमेश शर्मा, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय
पत्रकारिता एवं संचार विवि के कुलपति प्रो. बृजकिशोर कुठियाला, रीडर डॉ.
श्रीकांत सिंह, व्याख्याता प्रदीप डहेरिया, विभागाध्यक्ष पुष्पेंद्र पाल
सिंह प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। संगोष्ठी में हिस्सा लेने के
लिए इंदौर से बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भोपाल जाएंगे।
इस अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब सदस्यों की समूह बीमा योजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री एवं जनसंपर्क मंत्री के हाथों पॉलिसी वितरण के माध्यम से होगा।
अतिथि इंदौर प्रेस क्लब की नवश्रृंगारित वेबसाइट का शुभारंभ भी करेंगे।