भोपाल में सुरों का कुंभ और राष्ट्रनायकों का नमन: सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिए कई महत्वपूर्ण संदेश

Updesh Awasthee
भोपाल, 2 अक्टूबर 2026
: राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में एक ओर जहाँ माउथ ऑर्गन की सुरीली स्वर लहरियों के बीच 'भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026' का भव्य आयोजन हुआ, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री और जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मछार को नमन करते हुए प्रदेश के विकास रोडमैप को साझा किया। 

13वां भारतीय हार्मोनिका महोत्सव: 'संगीत के साधकों का कुंभ'

भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 'भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026' के 13वें संस्करण का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को केवल एक आयोजन न मानकर "संगीत के साधकों का कुंभ" करार दिया। महोत्सव में देश की सुप्रसिद्ध 17 वर्षीया हार्मोनिका वादिका सिद्धि सोनी और कलाकार अनुपम पॉल सहित देशभर से आए कलाकारों ने माउथ ऑर्गन पर 'वैष्णव जन तो...', 'कहता है दिल...', और 'बार-बार देखो' जैसे गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां दीं।

हारमोनिका एसोसिएशन संगीत सम्मेलन महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा है। कला जगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "एक भारत - श्रेष्ठ भारत" की परिकल्पना को साकार कर रहा है। सीएम ने उल्लेख किया कि मोदी सरकार कला और संगीत के महान साधकों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित कर रही है। हारमोनिका एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह सम्मेलन संगीत की इस मधुर विधा को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

महापुरुषों को श्रद्धांजलि और कैप्टन स्मित मछार के अदम्य साहस को सलाम

2 अक्टूबर के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के स्वदेशी के विचारों, "मेक इन इंडिया" और "मेड इन इंडिया" की भावना के साथ देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहे हैं। इजरायल के यात्री विमान में अपनी जान की बाजी लगाकर यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार के अदम्य साहस की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन मछार ने आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। 

भोपाल को केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सौगातें और विकास की राह

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का भोपाल आगमन हो रहा है, जहाँ वे मध्यप्रदेश को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल विकास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के उद्घाटन सहित कई सौगातें मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है और अब राज्य तेजी से नशा मुक्ति की ओर अग्रसर है। रिपोर्ट: आलोक शर्मा।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!