भोपाल, 1 अक्टूबर 2026: राजनीति का यह विग्रह आपको केवल मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा। आज राजधानी भोपाल में कांग्रेस पार्टी द्वारा इसलिए प्रदर्शन किया गया, ताकि सरकारी लापरवाही के कारण एक हादसे में मृत भाजपा के युवा नेता को न्याय मिल सके। इसलिए भी किया गया क्योंकि, मुद्दा होने के बावजूद भाजपा अपनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन नहीं कर सकती। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है जबकि, जिम्मेदार अधिकारियों के नाम सबको मालूम हैं।
डीबी मॉल के सामने पुतला दहन
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज, डीबी मॉल के सामने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिव्यऋषि तिवारी (भाजपा के लोकप्रिय युवा नेता) की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। शहर में खुले विद्युत तार, अव्यवस्थित विद्युत खंभे, मेट्रो निर्माण के कारण बदहाल सड़कें और स्मार्ट सिटी के नाम पर की गई अव्यवस्थाएं आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR का मतलब है...
हादसे के बाद सरकार ने जांच कमेटी का गठन किया है, लेकिन अभी तक दोषी अधिकारियों पर कोई कार्रवाई तो दूर की बात, उनका नामजद तक नहीं किया गया है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR का मतलब है मामले को रफा दफा करने की शुरुआत। कांग्रेस की मांग है कि जांच को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित विद्युत एजेंसी से यह भी जांच कराई जाए कि घटना स्थल पर प्रॉपर अर्थिंग और इंसुलेशन की व्यवस्था थी या नहीं और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी कमी तो नहीं थी।
निगम, मेट्रो, बिजली कंपनी की भूमिका की जांच हो
कांग्रेसियों ने मांग की है कि यदि जांच में किसी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही के कारण दिव्यऋषि तिवारी की मृत्यु होना प्रमाणित होता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध गैर इरादतन का केस दर्ज किया जाए। साथ ही नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी, विद्युत विभाग और मेट्रो कॉर्पोरेशन सहित जिन-जिन विभागों की भूमिका सामने आती है, उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए।
ऐसे प्रबंध करें, जिससे आगे हादसे न हो
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भोपाल की जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण, मेट्रो कार्य और स्मार्ट सिटी से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री अभिषेक शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़, दीपू तोमर, सुशील प्रजापति, अजय श्रीवास्तव, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष प्रणव सक्सेना आदि मौजूद थे। रिपोर्ट: राहुल उपाध्याय।

