भोपाल, 23 सितंबर 2026: मध्य प्रदेश में एक मुख्यमंत्री थे, जो कहते थे कि, जनता काम के बदले वोट नहीं देती। एक मुख्यमंत्री ऐसे भी थे जिनके पास काम करने के लिए समय नहीं था। उनके फैलाए कचरे को साफ करने के लिए आज राहुल गांधी को चिट्ठी लिखनी पड़ रही है। किसी को भजन तो किसी को भाषण का शौक था लेकिन मोहन यादव अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। आज उनका Fast Track अवतार सामने आया जब स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से बताया गया कि, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनुकंपा नियुक्ति के 859 मामलों में से 600 में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने सीएम के लिए लिखा: संवेदनशीलता से समाधान
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. यादव जन-कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी अपेक्षा के मुताबिक लगभग 859 लंबित प्रकरणों में से 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश पिछले दो दिनों में जारी किए जा चुके हैं। इसे लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'संवेदनशीलता से समाधान, परिवारों को आर्थिक संबल।' मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील पहल एवं अपेक्षा के अनुरूप लगभग 859 लंबित प्रकरणों में से 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश विगत दो दिवस में जारी किए जा चुके हैं।
कर्मचारियों के परिवारों को समय पर मिले आर्थिक संबल
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लगभग 30 और आदेश आगामी दो दिवस में जारी किए जाएंगे। शेष प्रकरणों में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ आवश्यक विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को समय पर आर्थिक संबल और सम्मानजनक जीवन का आधार मिल सके।

