भोपाल, 26 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आशिमा मॉल में आयुर्वेद वैलनेस सेंटर की मालकिन फरहीन खान के खिलाफ मिसरोद पुलिस थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें फरहीन खान एक डिलीवरी बॉय को चांटा मारते हुए दिखाई दे रही है।
फरहीन खान के आयुर्वेद वैलनेस सेंटर का मामला
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय रोहित वर्मा एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय है। बुधवार शाम वह पार्सल की डिलीवरी लेकर आशिमा मॉल पहुंचा था। पार्सल फरहीन खान के नाम पर था। फरहीन मॉल की तीसरी मंजिल पर ‘आयुर्वेद वैलनेस सेंटर’ नाम से स्पा सेंटर संचालित करती है। रोहित के मुताबिक फरहीन ने उसे पार्सल देने के लिए तीसरी मंजिल पर आने को कहा। इस पर उसने बताया कि उसकी दोपहिया वाहन पर पार्सलों से भरा बैग रखा है। ऐसे में वाहन छोड़कर ऊपर जाना उसके लिए संभव नहीं है, क्योंकि पार्सल चोरी होने का खतरा है। रोहित ने फरहीन से नीचे आकर पार्सल लेने का अनुरोध किया।
फरहीन खान सहित चार लोगों ने डिलीवरी बॉय को पीटा
आरोप है कि फरहीन लगातार तीसरी मंजिल पर पार्सल पहुंचाने के लिए दबाव बनाती रही। कुछ देर बाद वह अपने साथी अरुण के साथ नीचे आई। यहां उसने रोहित का नाम पूछा और तीसरी मंजिल पर डिलीवरी नहीं देने की बात को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और फरहीन व अरुण ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान काजल और सुयश भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद चारों ने मिलकर रोहित के साथ मारपीट की और उसके साथ अभद्रता की। घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के बाद रोहित वहां से चला गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर जांच शुरू की। मिसरोद पुलिस ने फरहीन खान, अरुण, काजल और सुयश के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
वीडियो में फरहीन खान की आवाज भी सुनाई दे रही है। वह डिलीवरी बॉय की कॉलर पड़कर बोल रही है, तू मुझे गाली दे रहा था ना।

