वेद शर्मा, अनूपपुर, 26 अगस्त 2026: अमरकंटक के माई बगिया रोड स्थित गायत्री सरोवर डैम में बुधवार, 26 अगस्त को एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 11 वर्षीय बालक गहरे पानी में चला गया, जिसे लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बालक अपने परिवार के साथ अमरकंटक के पास स्थित एक आश्रम में आया हुआ था। इसी दौरान वह गायत्री सरोवर डैम की ओर पहुंच गया। खेलते और नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया।
बालक के पानी में जाने की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उसकी तलाश शुरू की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 40 मिनट बाद बालक को पानी से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक ले जाया गया।
अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रानू सारीवान के अनुसार परिजन बालक को अस्पताल में मृत अवस्था में लेकर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मृतक बालक का नाम पूर्व यादव, उम्र करीब 11 वर्ष है। वह अपने नाना-नानी के साथ टिकरी टोला में रहता था और मूल रूप से पोड़की का निवासी बताया जा रहा है। उसके नाना का नाम मुन्ना यादव बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में नियम अनुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना ने गायत्री सरोवर डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

