आलीराजपुर, 18 जुलाई। जिले के बहुचर्चित बोरी सामूहिक दुष्कर्म एवं डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तीन दिन तक लगातार चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने इस मामले के 10-10 हजार रुपये के इनामी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियान के दौरान डकैती की योजना बना रहे तीन बदमाश, दो स्थायी वारंटी और एक अन्य आरोपी सहित कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल के निर्देशन में एसडीओपी जोबट आशुतोष के नेतृत्व में थाना बोरी, उदयगढ़, जोबट, आम्बुआ और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 10-11 जुलाई की रात थाना बोरी क्षेत्र में हुई सामूहिक दुष्कर्म एवं डकैती की सनसनीखेज वारदात के बाद विशेष अभियान शुरू किया गया था। गिरफ्तार छह आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से कुछ आरोपी अन्य लंबित मामलों में भी फरार चल रहे थे और उन पर अलग-अलग प्रकरणों में भी इनाम घोषित था।
अभियान के दौरान पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी राहुल बघेल पहले से ही जोबट थाने के मामले में पांच हजार रुपये का इनामी था और हत्या के प्रयास के एक अन्य प्रकरण में भी फरार चल रहा था।
इसके अलावा लंबे समय से फरार दो स्थायी वारंटियों और एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार, इनामी और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नवीन सेन


