भोपाल में कॉलोनियों की समस्या समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई, बिल्डरों की शिकायत

Updesh Awasthee
भोपाल, 09 जुलाई 2026:
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार भोपाल जिले की कॉलोनियों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। एडीएम श्री सुमित पांडे की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में जिलेभर से 287 शिकायतें प्राप्त हुईं।

जनसुनवाई में सर्वाधिक शिकायतें कॉलोनियों में सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव से संबंधित रहीं। इसके अतिरिक्त कुछ नागरिकों ने बिल्डरों द्वारा राशि प्राप्त करने के बावजूद मकानों का कब्जा नहीं देने तथा विकास कार्य अधूरे छोड़ने की शिकायत भी दर्ज कराई। कार्यक्रम में नगर निगम, सहकारिता विभाग तथा सभी एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं। प्राप्त शिकायतों में से लगभग 15 प्रतिशत मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों का विभागवार पंजीयन कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

एडीएम श्री सुमित पांडे ने बताया कि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका है, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों एवं बिल्डरों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जिन बिल्डरों द्वारा कॉलोनियों में सड़क, पेयजल एवं बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, उन्हें शीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिन क्षेत्रों से सर्वाधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, वहां नागरिकों की सुविधा के लिए भविष्य में क्षेत्रवार विशेष जनसुनवाई आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। क्रमांक/648/039/विजय/अरुण शर्मा
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!