भाभी ने कंप्रोमाइज नहीं किया तो बड़े भाई की हत्या कर दी: भोपाल के गौतम नगर की घटना

Updesh Awasthee
भोपाल, 27 जुलाई 2026:
गौतम नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या हो गई है लेकिन हत्या का कारण चिंता की स्थिति पैदा करने वाला है। एक युवक रिश्ते की भाभी पर नजर रखता था। इसके लिए उसने प्रपोज नहीं किया बल्कि धमकी दी। जब भाभी ने कंप्रोमाइज नहीं किया तो भाई को धमकी दी और जब भाई ने विरोध किया तो दहशत फैलाने के लिए उसके बड़े भाई की हत्या कर दी। 

बुआ के बेटे पर हत्या का आरोप

मृतक की पहचान सचिन पंथी (25) पुत्र मुकेश पंथी, निवासी गणेश मंदिर के पास, अटल अयूब नगर, थाना गौतम नगर के रूप में हुई है। वह चौक बाजार की एक क्रॉकरी दुकान में सेल्समैन था। परिवार में पांच भाई और एक बहन हैं, सचिन तीसरे नंबर पर था। मृतक के भाई छोटू का आरोप है कि हत्या करने वाला राकेश पंथी, जो रिश्ते में मृतक की बुआ का बेटा है, लंबे समय से परिवार की महिलाओं पर गलत नजर रखता था। खासकर मेरी पत्नी पर, वह लगातार अशोभनीय टिप्पणियां करता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ता गया।

भाभी के चक्कर में बेचा हुआ घर फिर से खरीद लिया

छोटू ने बताया कि करीब 20 साल पहले दादी ने मोहल्ले का एक मकान बुआ को दिया था। बाद में बुआ और फूफा ने वह मकान किसी और को बेच दिया। लगभग दो महीने पहले उसी मकान को उनके परिवार ने दोबारा खरीद लिया। इसके बाद से आरोपी लगातार नाराज रहने लगा और परिवार के साथ विवाद करने लगा। 20 दिन पहले नए मकान में गृह प्रवेश हुआ था। उसी दिन आरोपी ने घर पहुंचकर मेरी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद रास्ते में आते-जाते वह फब्तियां कसता और टिप्पणी करता था। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी।

छोटे भाई को मारना चाहता था, बड़ा मिल गया तो उसकी हत्या कर दी

छोटू का कहना है कि आरोपी ने कई बार फोन कर मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वह नहीं गया। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि "जो भी सामने मिलेगा, उसे खत्म कर दूंगा।" रविवार रात सचिन घर के पास स्थित कलारी की ओर गया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे राकेश ने उसे रोक लिया और चाकू से पेट, सीने और पीठ पर ताबड़तोड़ चार वार किए। गंभीर रूप से घायल सचिन सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गौतम नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन का दावा है कि आरोपी राकेश पंथी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल की सजा काट चुका है। इसी कारण उसके व्यवहार से पूरा परिवार पहले से भयभीत था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके खिलाफ और कौन-कौन से मामले दर्ज हैं।

दो एंगल पर पुलिस की जांच

पुलिस फिलहाल दो प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, महिला से छेड़छाड़ और कथित बुरी नजर को लेकर चल रहा विवाद। दूसरा, वर्षों पुराने मकान को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या मौके पर विवाद बढ़ने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!