भोपाल, 27 जुलाई 2026: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज दतिया में कुशवाहा समाज के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बताया की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, दतिया को अगले डेढ़ महीने में 11000 करोड़ का कारखाना मिलने वाला है। इससे सिर्फ नौकरी नहीं मिलेगी, बाजार में पैसा भी आएगा। कई लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने बहुत कुछ कहा। पढ़िए, मुख्यमंत्री के दतिया दौरे पर आधारित आलोक शर्मा की स्पेशल रिपोर्ट:-
अगले डेढ़ महीने में दतिया को 11000 करोड़ का कारखाना मिलने वाला है: मुख्यमंत्री
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए, गरजते हुए अंदाज में कहा कि मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है तो दतिया भी आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में दतिया में डकैतों का राज चलता था। हमारी सरकार गुंडागर्दी और किसी भी तरह की हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम कर चुका है। भारतीय जनता पार्टी व्यापार-व्यवसाय के लिए भय मुक्त वातावरण देती है। सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ हम दतिया को आगे बढ़ाएंगे। आगामी डेढ़ माह में दतिया को साढ़े 11 हजार करोड़ से अधिक लागत के कारखाने की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम के बाद दतिया में उन्होंने विशाल रोड़ शो भी किया और भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।
कुशवाहा समाज को सिर्फ भाजपा में सम्मान मिलता है: डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के काल से भगवान लव-कुश और कुशवाहा समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। कांग्रेसी भगवान श्रीराम के नहीं हो सके, ये किसी काम के नहीं। कांग्रेसियों ने सुप्रीम कोर्ट तक में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी कभी अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने नहीं गए। भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसने कुशवाहा समाज को कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक बनाकर सम्मानित किया। दतिया में तो कुशवाहा समाज से जिलाध्यक्ष और पार्षद भी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने ही हरियाणा और बिहार में कुशवाहा समाज से मुख्यमंत्री तक बनाए हैं। उत्तर प्रदेश में एक डिप्टी सीएम भी कुशवाहा समाज के आते हैं। इस बार दतिया उपचुनाव में जीत का पूरा श्रेय सांसद भारत सिंह कुशवाहा और जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा को जाएगा। कांग्रेस ने कभी कुशवाहा समाज के लोगों को राजनीति में कोई पद नहीं दिया और आगे नहीं आने दिया।
किसान सम्मन निधि का पैसा खाते में आ गया ना: मुख्यमंत्री ने पूछा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक गरीब परिवार का बेटा नरेंद्र मोदी देश का प्रधानमंत्री बनता है। नितिन नवीन जैसे युवा के हाथों में पार्टी की कमान सौंप दी जाती है। यह केवल भाजपा में ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि दी जा रही है। आज ही राज्य सरकार ने प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों को 4 हजार रुपए सम्मान निधि अंतरित की है। सरकार की इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के कुशवाहा किसान भाइयों को भी मिल रहा है।
हमारी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी
हमारी सरकार सच्चा वादा पक्का काम के संकल्प के साथ काम करती है। लाड़ली बहनों को भी राशि लगातार हर महीने भेजी जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश का बजट बढ़ाया है। किसानों को बिजली, पानी सभी क्षेत्रों में विकास के मामले में हमारी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। ग्वालियर क्षेत्र बहुत जल्द टेलीकॉम सेक्टर का बड़ा हब बनने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास" के संकल्प के साथ दतिया को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

.webp)