Dr. Preeti Global University में छात्र की संदिग्ध मौत, दतिया से पेपर देने आया था

Updesh Awasthee
शिवपुरी, 6 जून 2026:
जिले के दिनारा कस्बे में स्थित प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा अंतिम वर्ष के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दतिया निवासी संजू राजा परमार नाम का यह छात्र यूनिवर्सिटी के निर्माणाधीन भवन में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Suspicious Death of Student at Preeti Global University; Came from Datia to Appear for Exam

जानकारी के अनुसार, संजू राजा परमार शुक्रवार को बी-फार्मा की परीक्षा देने प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क किया, जहां उन्हें बताया गया कि छात्र दोपहर करीब 12:30 बजे परीक्षा देकर कॉलेज से चला गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 10 बजे दिनारा पुलिस को छात्र के लापता होने की सूचना दी गई।

सीढ़ी पर फंदे से लटका मिला
इसी बीच, कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन भवन पर काम कर रहे कुछ मजदूर रात में सोने के लिए छत पर पहुंचे। उन्होंने वहां संजू को लकड़ी की सीढ़ी पर फंदे से लटका हुआ देखा। मजदूरों ने तत्काल कॉलेज स्टाफ और डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करैरा भेज दिया।

स्टूडेंट के परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संजू कॉलेज परिसर से बाहर गया ही नहीं था, जबकि उन्हें लगातार बताया जा रहा था कि वह परीक्षा देकर निकल चुका है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सही जानकारी दी जाती, तो शायद छात्र की जान बचाई जा सकती थी।

आरोप- तीन कर्मचारी-शिक्षकों ने परेशान किया
स्टूडेंट के भाई गौरव परमार ने आरोप लगाया कि कॉलेज के तीन कर्मचारियों और शिक्षकों द्वारा संजू को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने प्रवेक्षक जी. के. गुप्ता, सहायक परीक्षा केंद्र प्रभारी मनीष श्रीवास्तव और शिक्षक अवदेश यादव का नाम लिया है।

गौरव का कहना है कि शिक्षक अवदेश यादव से संजू का कई बार विवाद हुआ था। तीन दिन पहले परीक्षा प्रवेश पत्र को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद संजू मानसिक तनाव में रहने लगा था।

बिना पोस्टमार्टम शव लेकर कॉलेज पहुंचे परिजन
शनिवार को जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए करैरा भेजा, तब परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना शव को वापस लेकर कॉलेज पहुंच गए। वहां उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए करैरा थाना प्रभारी विनोद छवाई, दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह और चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!