MP में NEET परीक्षार्थियों को प्रॉब्लम नहीं आनी चाहिए, चाहे कुछ भी हो: मुख्यमंत्री

Updesh Awasthee
भोपाल, 16 जून 2026:
मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंत्रालय में नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। यह परीक्षा 21 जून को होने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जबलपुर में राष्ट्रपति महोदय के कार्यक्रम के कारण नीट के परीक्षार्थियों को ट्रैफिक में कोई प्रॉब्लम नहीं आनी चाहिए। इसी प्रकार मध्य प्रदेश में योग दिवस के कार्यक्रम के कारण नीट के परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचने में किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। 

मध्य प्रदेश में ट्रैफिक में फंसे NEET परीक्षार्थियों को सरकारी वाहन से परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 21 जून को राष्ट्रपति महोदया का जबलपुर प्रवास प्रस्तावित है। जबलपुर शहर में 24 केंद्रों में नीट परीक्षा होनी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी यातायात का ऐसा प्रबंधन करें कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी बाधा के अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में सुगमता से पहुंच जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चूंकि नीट परीक्षा के दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन में भी होने हैं, इसलिए इस बात का ध्यान रखा जाए कि इन आयोजनों के कारण परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। यातायात का बेहतर नियोजन करें। सुनिश्चित करें कि सभी परीक्षार्थी तय समय से पहले तक केन्द्रों में पहुंच जाएं। यदि किसी परीक्षार्थी को सेंटर तक पहुंचने में आवागमन के साधन की परेशानी आ रही है तो प्रशासन और पुलिस अधिकारी किसी शासकीय वाहन या खुद अपने वाहन से उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। 

MP में NEET परीक्षार्थी को ट्रैफिक प्रॉब्लम हो तो डायल 108 पर कॉल करें

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश का स्पष्ट अर्थ है कि, यदि NEET परीक्षार्थी को ट्रैफिक की किसी भी प्रकार की प्रॉब्लम होती है। यदि उसको यातायात का साधन नहीं मिल रहा है अथवा वह किसी ऐसे स्थान पर है जहां से सार्वजनिक यातायात उपलब्ध नहीं है तो मध्य प्रदेश शासन के हेल्पलाइन नंबर 108 पर कॉल करके तुरंत सहायता मांग सकते हैं। यदि आसपास कोई पुलिस अधिकारी मौजूद है, तो अधिकारी से सहायता के लिए अनुरोध कर सकते हैं। कृपया याद रखें यह एक व्यवस्था है, परीक्षार्थियों का अधिकार नहीं है। परेशानी की स्थिति में ही इस सुविधा का लाभ उठाएं। 

परीक्षा केंद्र पर एक दिन पहले ट्रायल रन करें

यह परीक्षा प्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों में सम्पन्न कराई जाएगी। नीट परीक्षा की कुल अवधि 'सवा तीन घंटे' की होगी। इस बार सभी परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीट परीक्षा के समन्वयक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केन्द्रों में लगाई जाने वाली बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीवी कैमरे एवं जैमर 19 जून को ही परीक्षा केन्द्रों में लगा दिए जाएं और 20 जून को इनका ट्रायल रन भी कर लिया जाए। 

परीक्षा केंद्र पर यह सुविधाएं उपलब्ध होगी

अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा एवं जनसंपर्क अनुपम राजन ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। परीक्षा कक्ष में उचित प्रकाश व्यवस्था तथा पंखे चालू अवस्था में हों, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों में सभी विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, ओआरएस और ग्लूकोज़ की व्यवस्था, प्रत्येक केंद्र पर एक प्राथमिक स्वास्थ्यकर्मी एवं प्राथमिक उपचार किट, नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों और पैरामेडिक्स की स्वास्थ्य टीम भी रहेगी, जिनका प्रतिक्रिया समय न्यूनतम रहेगा। परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के साथ आने वाले परिजनों-अभिभावकों-संरक्षकों के लिए पर्याप्त आकार का टेंट और मोबाइल शौचालय बनाए जाएंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक क्लॉक रूम भी होगा। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए समुचित तरीके से भीड़ प्रबंधन किया जाएगा, साथ ही शहर से दूर स्थापित परीक्षा केंद्र तक विद्यार्थियों को पहुंचाने के लिए सार्वजनिक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। 

बालाघाट में हेलीकॉप्टर से पेपर जाएंगे

उन्होंने बताया कि एनटीए द्वारा एयरफोर्स के जरिए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जा रहे है। बालाघाट में हेलिकॉप्टर से प्रश्न प्रत्र पहुंचाए जा रहे हैं। 

मध्य प्रदेश के इन जिलों में होगी नीट की परीक्षा

नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा - 2026 मध्यप्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केन्द्रों में होगी। यह परीक्षा इन्दौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगौन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम्, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना जिले में होगी। 
परीक्षा की तिथि: रविवार, 21 जून 2026
परीक्षा का समय: दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक। 
परीक्षा की समयावधिः 3 घंटे 15 मिनट (कुल 195 मिनट)। 
परीक्षा का मोड- पेन एवं पेपर से। 
अधिक परीक्षा केन्द्र वाले जिलेः इन्दौर (57), भोपाल (32), ग्वालियर (24), जबलपुर-(24), रीवा (12), बड़वानी (11), खरगौन (09), रतलाम (09), उज्जैन (08)। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!