भोपाल में अपनी मौत के लिए आउटसोर्स कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार: बिजली कंपनी की जांच रिपोर्ट

Updesh Awasthee
भोपाल, 02 जून 2026
: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल जिले में एक आउटसोर्स कर्मचारी की ऑन ड्यूटी मौत के मामले में बिजली कंपनी द्वारा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है। इसमें बताया गया है कि आउटसोर्स कर्मचारी अपनी मौत के लिए स्वयं जिम्मेदार है, क्योंकि उसने निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कार्य प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया।

आउटसोर्स कर्मचारी की ऑन ड्यूटी मौत मामले में बिजली कंपनी की जांच रिपोर्ट

मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, भोपाल कंपनी के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज द्विवेदी ने बताया कि 25 मई 2026 को मिसरोद जोन अंतर्गत ग्राम रापड़िया में शिकायत के निराकरण के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी श्री देवेन्द्र वर्मा विद्युत दुर्घटना में घायल हुए थे। घटना की जांच में यह पाया गया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा निर्देशों के बिना ही अधिकृत कर्मचारी की अनुपस्थिति में एवं आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किए बिना स्वयं विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य प्रारंभ किया गया, जिसके परिणामस्वरूप उनका संपर्क समीपस्थ चालू 11 के.वी. लाइन से हो गया। जांच प्रतिवेदन में दुर्घटना का प्रमुख कारण बिना अनुमति के निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कार्य प्रक्रियाओं का पालन नहीं करना पाया गया है। प्रकरण में कंपनी नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जा रही है। मुआवजा संबंधी विषय पर अंतिम निर्णय सक्षम स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत लिया जाएगा।

घायल कर्मचारी का बीमा नियम अनुसार इलाज चल रहा है

श्री द्विवेदी ने बताया कि, इसी प्रकार दूसरी दुर्घटना 11 के.वी. हथौड़ा घरेलू फीडर पर श्री रामबाबू कुशवाह द्वारा सुधार कार्य करते हुए घटित हुई है और संबंधी को दोनों पैरों में घुटनों के नीचे फ्रैक्चर आये हैं। उक्त घटित दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है। संबंधित सेवाप्रदाता कर्मचारी को समस्त सुरक्षा उपकरण प्रदान किये गए थे। वर्तमान में सेवाप्रदाता कर्मचारी श्री रामबाबू कुशवाह पुत्र श्री गणपत सिंह कुशवाह स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल भोपाल में उपचाररत हैं एवं उक्त कर्मचारी का पंजीयन EMPLOYEE STATE INSURANCE CORPORATION (ESIC) में हो चुका है, जिससे उनके चिकित्सीय उपचार में व्यय स्त्रोत कंपनी के द्वारा वहन की जायेगी, जो पंजीयन की चलनशील स्थिति से संबंधित है।

कंपनी की कर्मचारियों से अपील

नोडल ऑफिसर श्री मनोज द्विवेदी ने कहा कि, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा सभी कर्मचारियों एवं आउटसोर्स कार्मिकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों, उपकरणों एवं प्रशिक्षण के अनुरूप कार्य करने के लिए निरंतर निर्देशित किया जाता है। कंपनी ने सभी कार्मिकों से अपील की है कि विद्युत कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें, जिससे दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!