भोपाल, 9 जून 2026: मध्यप्रदेश में इस तरह के डकैत गिरोह पहले भी पाए जाते थे। अंग्रेज सरकार ने तो इनके खिलाफ बड़ा अभियान भी चलाया था। एक बार फिर ऐसा ही कुछ दिखाई दिया है और वो भी मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में। चांदी के आभूषण के लिए महिला की हत्या कर दी और उसके हाथ पैर काटकर आभूषण लूट ले गए।
मृत महिला का नाम बादाम बाई ( उम्र 60 वर्ष) बताया गया है। बैरसिया क्षेत्र के पथरिया गांव की रहने वाली थीं। 4 जून को गांव का ही परिचित जसवंत गुर्जर उन्हें बेटे रवि से मिलवाने की बात कहकर बाइक पर बैठाकर ले गया था। रवि गांव में ही रहता है, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण वह करीब आठ दिन से घर नहीं आया था। गांव वालों के मुताबिक आरोपी जसवंत रवि को अच्छी तरह जानता था और कई बार उसके साथ देखा गया था। इसी वजह से महिला ने उस पर भरोसा कर लिया।
आरोपी ने ही बताई शव की जानकारी
6 जून को परिजनों ने बैरसिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और जसवंत गुर्जर पर संदेह जताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ही पुलिस को बताया कि महिला का शव शेषापुरा के जंगल में पड़ा है। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
जंगल में मिला सड़ा-गला शव
शेषापुरा के जंगल में महुए के पेड़ के नीचे महिला का शव मिला। शव करीब चार-पांच दिन पुराना था और सड़-गल चुका था। शव में कीड़े पड़ चुके थे। महिला के दोनों पैर टखनों के पास से कटे हुए थे और एक हाथ का पंजा भी गायब था। पैरों में पहने चांदी के कड़े नहीं मिले।
पहले गला घोंटा, फिर काटे पैर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर हत्या की। इसके बाद कुल्हाड़ी से दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली है।
हत्या का मामला दर्ज, लूट के एंगल पर जांच
एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया ने बताया कि महिला की गुमशुदगी बैरसिया थाने में दर्ज की गई थी। शव मिलने का स्थान नजीराबाद थाना क्षेत्र में आने के कारण वहां हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। प्रथम दृष्टया मामला लूट का माना जा रहा है, क्योंकि महिला के चांदी के कड़े गायब हैं और उसके पैर कटे हुए थे।
पति ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पति पर्वत सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को जसवंत गुर्जर अपने साथ ले गया था। शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामला गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज करने के दौरान पुलिसकर्मियों ने पैसों की मांग की थी। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी।
एसडीओपी ने कहा- आरोपों की होगी जांच
एसडीओपी वैशाली कराहलिया ने कहा कि पैसों की मांग के आरोपों की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

