2 करोड़ के घर में अकेले रह रहे दंपति की गोली मारकर हत्या, भोपाल के ऐशबाग का मामला

Updesh Awasthee
भोपाल, 27 जून 2026
: ऐशबाग के सुदामा नगर में हुई दंपति की मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद कहानी बदल गई है। पहले पुलिस ने सामान्य मौत बताया था, लेकिन दोनों की बॉडी में से तीन कारतूस निकले हैं। दोनों के सिर में गोली मारी गई, जबकि महिला के कमर में भी गोली मारी गई। हत्या करने वाले लूट के इरादे से नहीं आए थे। अब पुलिस के सामने चुनौती है की हत्या का कारण और हथियारों की खोज करे। 

मृतकों की पहचान 70 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 70 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत रेलवे से रिटायर कर्मचारी थे, जबकि शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से रिटायर हुई थीं। पत्नी का शव सोफे पर और पति का शव फर्श पर पड़ा था। घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली कारतूस मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। 

पुलिस के मुताबिक, हेमंत बारीक के सिर में एक गोली लगी थी। शकुंतला बारीक को दो गोलियां मारी गई थीं। एक गोली सिर में और दूसरी कमर के पास रीढ़ की हड्डी के नजदीक धंसी मिली। तीनों गोलियां कुछ दूरी से चलाई गई थीं।

2 दिन से घर से बाहर नहीं निकले थे दंपती
घर में केवल पति-पत्नी रहते थे। मकान के एक हिस्से में छात्र किराए पर रहते हैं। दंपती की कोई संतान नहीं है। पहले बेटे के विदेश में रहने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि उनकी कोई संतान नहीं थी। 

शकुंतला बारीक ने बुधवार को आखिरी बार अपनी भाभी शिवानी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पति की आंख में परेशानी है और वह उन्हें चेकअप के लिए कस्तूरबा अस्पताल लेकर जा रही हैं।भाभी शिवानी के मुताबिक, बातचीत में शकुंतला ने किसी खतरे या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। हालांकि, उन्होंने बताया था कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार को किसी पुरानी रंजिश की जानकारी भी नहीं है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में लूट या डकैती के उद्देश्य से हत्या की आशंका नहीं है। परिजनों ने भी किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस संपत्ति विवाद और अन्य निजी कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, दंपती जिस मकान में रहते थे उसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। पुलिस संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुक्रवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना मिली। दोनों शव डीकंपोज्ड अवस्था में मिले और उन पर चोट के निशान भी थे। इसी वजह से शुरुआत से हत्या के एंगल से जांच की जा रही थी। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। डॉक्टर्स की टीम ने पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी है।

तीन कारतूस, CCTV और FSL रिपोर्ट पर टिकी जांच
पुलिस ने घटनास्थल से मिले 3 खाली कारतूस फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों, FSL रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर डबल मर्डर की गुत्थी जल्द सुलझ जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!