जबलपुर, 13 मई 2026: मध्य प्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण को लेकर आज हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अभ्यर्थियों की भीड़ अचानक महाधिवक्ता के घर पहुंच गई। फिर हाई कोर्ट तक रैली निकाली। बाद में मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय में प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस को प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को कोर्ट परिसर में ही निरुद्ध करना पड़ा।
High-Voltage Drama in MP HC Over 27% OBC Reservation, Candidates Take Out Protest Rally
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर फाइनल डिबेट होनी है। सभी पक्षों के वकीलों ने अपना समय भी निर्धारित कर दिया है। आज 13 मई से हाईकोर्ट में अंतिम बहस की शुरुआत होने वाली थी, लेकिन अचानक माहौल बदल गया। युवाओं का एक समूह जो खुद को ओबीसी आरक्षण के होल्ड अभ्यर्थी बता रहे थे, अचानक महाधिवक्ता श्री प्रशांत सिंह के घर के सामने एकत्रित हो गए और उनसे मिलने की मांग करने लगे। जब युवाओं की भीड़ को बताया गया कि, इस प्रकार घर पर मुलाकात नहीं हो सकती, तो युवाओं की भीड़ एक रैली की शक्ल में हाई कोर्ट की तरफ बढ़ने लगी। इस दौरान वह नारेबाजी भी कर रहे थे।
युवाओं की भीड़ द्वारा अचानक इस प्रकार का प्रदर्शन करने के कारण महाधिवक्ता श्री प्रशांत सिंह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इधर रैली की शक्ल में हाईकोर्ट तक आए युवाओं की भीड़ में मुख्य न्यायाधीश श्रीमूर्ति के न्यायालय में प्रवेश करने का प्रयास किया। स्थिति ऐसी बन गई कि पुलिस को, युवाओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हाई कोर्ट परिसर में ही एक स्थान पर रोकना पड़ा।

.webp)