जबलपुर, 15 मई 2026: प्रधान डाकघर जबलपुर में कार्यरत पोस्टमैन कर्मचारियों को भारत सरकार की BYOD (Bring Your Own Device) योजना का लाभ विगत लगभग एक वर्ष से नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों का आरोप है कि डाक विभाग द्वारा जारी स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पात्र पोस्टमैनों को ₹500 प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी असंतोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, संचार मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी आदेश क्रमांक No.20-1/2017-D (Pt.1) दिनांक 25 जून 2025 के तहत डिलीवरी स्टाफ को स्वयं के मोबाइल उपयोग हेतु ₹300 तथा Data/Voice/SMS व्यय हेतु ₹200, कुल ₹500 प्रतिमाह भुगतान का प्रावधान किया गया है। योजना का उद्देश्य पोस्टमैनों को विभागीय मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल डिलीवरी कार्य हेतु प्रोत्साहित करना बताया गया था।
पोस्टमैन कर्मचारियों का कहना है कि वे विभागीय मोबाइल ऐप के माध्यम से नियमित रूप से डाक वितरण एवं स्कैनिंग कार्य कर रहे हैं, इसके बावजूद प्रधान डाकघर स्तर पर BYOD भुगतान लंबित रखा गया है। कर्मचारियों ने इसे विभागीय आदेशों की अवहेलना बताते हुए संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाया है।
सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों द्वारा लंबित एरियर्स का तत्काल भुगतान, नियमित मासिक भुगतान सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
कर्मचारियों का यह भी कहना है कि विभाग द्वारा BYOD योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई थी, परंतु जमीनी स्तर पर उसका पालन नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
डाक कर्मचारियों का कहना है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे मामले को उच्च स्तर पर उठाने के साथ सामूहिक प्रतिनिधित्व भी करेंगे।

.webp)