भोपाल, 19 मई, 2026: आपको याद होगा पिछले महीने तरबूज खाने से एक परिवार की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाया गया है कि तरबूज को पकाने के लिए जहरीले कैमिकल का उपयोग किया गया था। भोपाल में ऐसी कोई घटना हो इससे पहले ही कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने फूड सिक्योरिटी की टीम को फील्ड में दौड़ा दिया। करोंद मंडी और लालघाटी, मिनाल रेसीडेंसी क्षेत्र में फल विक्रेताओं के यहां छापामार कार्रवाई की गई।
Bhopal Crackdown: Officials Inspect Mangoes and Watermelons for Toxic Chemicals
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अलग-अलग दलों द्वारा लालघाटी स्थित दांगी फल सब्जी विक्रेता एवं करोंद फल-सब्जी मंडी की एक दर्जन से अधिक विभिन्न दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फलों को कृत्रिम रूप से पकाने वाले संदिग्ध रसायनों, आम, तरबूज और खरबूज के सर्विलांस एवं जांच नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री भोजराज सिंह धाकड़ की टीम द्वारा करौंद फल मंडी स्थित दुकान नंबर 18, 'सईद फ्रूट कंपनी' (संचालकः श्री मोहम्मद सईद, आत्मज श्री अब्दुल रहीम) पर खाद्य सुरक्षा सर्विलांस फूड प्लान के अंतर्गत आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहाँ से फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए उपयोग में लाया जा रहा 'Yellow Ripe' (Ethylene Ripener) जब्त किया गया। कृत्रिम रूप से पके होने की आशंका के चलते 'आम' का नमूना जांच हेतु लिया गया।
न्यू फ्रूट सब्जी मंडीः मो. परवेज की दुकान से नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा न्यू फ्रूट सब्जी मंडी, करोंद स्थित दुकान नंबर 13 (संचालकः मो. परवेज/मो. सईद) पर कार्रवाई की गई। मानक स्तर की जांच सुनिश्चित करने के लिए तरबूज़ व आम के नमूने संगृहीत किए। इसके साथ ही विभाग की टीम द्वारा लालघाटी स्थित दांगी फल सब्जी विक्रेता और करोंद मंडी की एक दर्जन से अधिक अन्य फल दुकानों का भी सघन निरीक्षण किया गया। वहाँ से भी तरबूज, खरबूज और आम के संदिग्ध लॉट की जांच की गई और गुणवत्ता परखने के लिए आवश्यक नमूने संकलित किए गए।
रिपोर्ट: विजय/अरुण शर्मा, एडिटिंग: ध्रुव पचावले।

.webp)