भोपाल, 10 मार्च 2026 : माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश (MPBSE) ने सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्रों के डेटा में सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड द्वारा 10 मार्च 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, छात्र अब अपने नामांकन और परीक्षा संबंधी जानकारी में त्रुटियों को सुधार सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर 30 अप्रैल 2026 तक की समय सीमा तय की गई है।
कक्षा 9वीं के विद्यार्थी क्या-क्या संशोधन कर सकते हैं:
कक्षा 9वीं के छात्रों के लिए नामांकन में कई महत्वपूर्ण बदलावों की अनुमति दी गई है। इसके तहत छात्र निम्नलिखित विवरणों में संशोधन कर सकेंगे:
- छात्र का विषय और माध्यम।
- छात्र, माता और पिता के नाम की स्पेलिंग।
- जन्म तिथि और फोटो में सुधार।
- कक्षा 9वीं में अनुत्तीर्ण छात्रों को उसी शाला में फिर से प्रवेश (A-25) हेतु जोड़ने की सुविधा।
कक्षा 11वीं के विद्यार्थी क्या-क्या संशोधन कर सकते हैं
कक्षा 11वीं के छात्रों के लिए भी बोर्ड ने महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं:
- विषय, संकाय (Stream) और माध्यम में संशोधन की सुविधा।
- कक्षा 10वीं उत्तीर्ण और 11वीं अनुत्तीर्ण छात्रों के नाम प्रवेश सूची में जोड़ने का विकल्प।
परीक्षा अंकों की प्रविष्टि में सुधार:
बोर्ड ने केवल व्यक्तिगत विवरण ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक रिकॉर्ड में भी सुधार का मौका दिया है। कक्षा 9वीं और 11वीं के छात्र अपनी त्रैमासिक, छमाही, प्री-बोर्ड और मुख्य परीक्षा के अंकों की प्रविष्टि और पहले से प्रविष्ट अंकों में भी संशोधन कर सकेंगे।
प्राचार्यों के लिए सख्त निर्देश और 10वीं-12वीं पर रोक:
माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सचिव द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह संशोधन का अंतिम अवसर है। स्कूल के प्राचार्यों को कड़ाई से निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि सभी प्रवेशित छात्रों का डेटा पूरी तरह से त्रुटि रहित हो। आदेश में यह भी साफ किया गया है कि कक्षा 10वीं और 12वीं के आवेदन पत्रों में संशोधन की कोई सुविधा प्रदान नहीं की जाएगी।

.webp)
