राजगढ़, 15 मार्च 2026 : खिलचीपुर सिविल अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. हिमांशु मीणा और नर्सिंग ऑफिसर माधुरी धोटे के बीच आज जमकर मारपीट हुई। बाद में रोते हुए माधुरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत की और बताया कि उसको एक कमरे में बंद कर दिया गया था। उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया था, क्योंकि वह अस्पताल में चल रही गड़बड़ी की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी। खाने में दोनों पार्टियों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की है।
Khilchipur BMO Dr Himanshu Meena and Staff Nurse Clash, Incident Triggers Buzz
माधुरी धोटे (29) बैतूल जिले की रहने वाली है। करीब 6 महीने से खिलचीपुर सिविल अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर काम कर रही है। माधुरी ने पुलिस को बताया कि वह नियमित रूप से ड्यूटी करती है, लेकिन फरवरी महीने की अटेंडेंस शून्य भेज दी गई। इसके चलते वेतन नहीं मिला। रविवार सुबह जब वह अस्पताल पहुंची तो डॉक्टर मौजूद नहीं थे और सफाई का काम चल रहा था। वह इसका वीडियो बना रही थी, लेकिन स्टाफ रोकने लगा।
मोबाइल छीन लिया, कमरे में बंद कर दिया
माधुरी ने आरोप लगाया कि स्टाफ ने उससे अभद्रता की। फिर BMO मीणा को बुला लिया। मीणा के आने के बाद कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल छीन लिया। उसे एक कमरे में बंद कर दिया। अस्पताल में कई अनियमितताएं हो रही हैं। डॉक्टर समय पर नहीं आते। गरीब महिलाओं से डिलीवरी के लिए पैसे लिए जाते हैं। एनआरसी में बच्चों की संख्या रिकॉर्ड में ज्यादा दिखाई जाती है। कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी करते हैं।
BMO ने कहा- स्टाफ के साथ अभद्रता, नर्सों से हाथापाई की
उधर, BMO डॉ. हिमांशु मीणा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा- नर्सिंग ऑफिसर माधुरी अक्सर लंबी छुट्टियों पर रहती है। अस्पताल में सार्थक मोबाइल एप अटेंडेंस सिस्टम लागू है। फरवरी में माधुरी की अटेंडेंस शून्य दर्ज थी, इसलिए वेतन नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह माधुरी अस्पताल आई, लेकिन ड्यूटी करने के बजाय कर्मचारियों के वीडियो बनाने लगी। आपत्ति जताने पर बहस करने लगी। जब वे अस्पताल पहुंचे तो माधुरी ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बीच-बचाव करने आईं नर्स माया मेवाड़े और प्रियल नामदेव के साथ हाथापाई की।
मीणा ने कहा कि माधुरी ने उनका अंगूठा मोड़ दिया। नाखून से चोट पहुंचाई। इसके बाद उन्होंने खिलचीपुर टीआई उमाशंकर मुकाती और सीएमएचओ शोभा पटेल को फोन पर सूचना दी। अस्पताल स्टाफ के हस्ताक्षर के साथ लिखित शिकायत थाने में दी।
टीआई उमाशंकर मुकाती का कहना है कि, फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीआई का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

.webp)

