भोपाल, 20 मार्च 2026 : जैसी की उम्मीद थी, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने आज मीडिया के सामने भी स्पष्ट कर दिया कि वह राज्यसभा की रेस में शामिल नहीं है। इससे पहले उन्होंने श्री दिग्विजय सिंह का पत्ता साफ कर दिया था। श्री कमलनाथ को पहले से ही भाव नहीं दे रहे हैं। इसका मतलब अब मध्य प्रदेश से जो भी राज्यसभा का कैंडिडेट होगा, श्री जीतू पटवारी का मास्टर स्ट्रोक होगा।
कथावाचक मोहित नागर का पॉलिटिकल सेटअप
राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज जीतू पटवारी ने मालवा क्षेत्र के कथावाचक मोहित नागर को कांग्रेस पार्टी का सदस्य बनाया। श्री मोहित नागर भी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का टिकट चाहते हैं। सुसनेर विधानसभा में पहले से ही कांग्रेस के विधायक भैरव सिंह मौजूद हैं। कथावाचक मोहित नागर राजगढ़ और आगर मालवा जिले की किसी भी ऐसी विधानसभा सीट से टिकट चाहते हैं जहां कांग्रेस पार्टी कमजोर है। जबकि सुसनेर के विधायक श्री भैरव सिंह, आगामी चुनाव के लिए कथावाचक मोहित नागर का उपयोग करना चाहते हैं।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सदस्य कौन होगा
इस सवाल का जवाब ढूंढने के लिए आपको एक फार्मूले का उपयोग करना होगा। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, आगामी विधानसभा चुनाव में सीएम कैंडिडेट बनना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अपने रास्ते में आने वाले सभी बड़े पत्थर, या तो हटा दिए हैं या फिर तोड़ दिए हैं। लेकिन अभी भी कुछ गड्ढे और कांटे बाकी है। कांटों का हिसाब किताब तो बाद में देखेंगे लेकिन राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी की ओर से मध्य प्रदेश का वही नेता जाएगा, जो जीतू पटवारी के रास्ते का सबसे बड़ा गड्ढा होगा।
चलते-चलते बड़ी मजेदार बात, श्री जीतू पटवारी शिवराज सिंह की तरह पांव में चक्कर और मुंह मे शक्कर लिए पूरे प्रदेश का चक्कर लगा रहे हैं। हर सभा में दावा करते हैं कि आने वाले चुनाव में, मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी लेकिन राज्यसभा के चुनाव में उनको क्रॉस वोटिंग का खतरा है। वह अपनी ही पार्टी के विधायकों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।

.webp)