भोपाल, 3 मार्च 2026 : अभी 5 महीने पहले अक्टूबर 2025 में हुआ उदित हत्याकांड तो आपको याद होगा। इंद्रपुरी के सी सेक्टर में दो पुलिस आरक्षकों ने इंजीनियरिंग पास आउट स्टूडेंट उदित गायकी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। पुलिस के डंडे से पेट की नस फट जाने के कारण उसकी मौत हो गई थी। कोर्ट में दोनों सिपाहियों ने खुद को निर्दोष बताया लेकिन कोर्ट ने पाया कि इस मामले में दोनों के खिलाफ मर्डर का ट्रायल चलना चाहिए क्योंकि उनकी स्थिति संदिग्ध है।
Bhopal Udit Murder Case: Trial Starts Against Two Constables
जानकारी के अनुसार उदित गायकी वर्ष 2025 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बेंगलुरू में नौकरी की तलाश कर रहे थे। वह घटना से दो दिन पहले अपने दस्तावेज लेने के लिए बेंगलुरू से भोपाल आए थे। वे बालाघाट डीएसपी के साले थे। बताते हैं कि 9-10 अक्टूबर की दरमियानी रात, उदित पहले आष्टा स्थित अपने दोस्तों से मिले और फिर भोपाल में अन्य दोस्तों से मिलने गए। रात करीब 11 बजे, दोस्तों के साथ इंद्रपुरी में पार्टी करने के बाद, रात डेढ़ बजे घर लौटते समय उनके साथ मारपीट की घटना घटी। दरअसल उदित की कार स्टार्ट होने के बाद पीछे से बाइक पर आए आरोपी दो पुलिसकर्मी उन्हें उतारकर बेरहमी से पीटने लगे।
मारपीट के दौरान उदित को उल्टियां होने लगी। मौके पर पहुंचे उनके दोस्त उन्हें कार के पीछे की सीट पर लिटाकर मदद करने की कोशिश कर रहे थे। उस दौरान उदित अत्यंत घबराए हुए थे और दोस्तों से एसी तेज करने का अनुरोध कर रहे थे। कुछ ही देर बाद उनकी सांसें थम गईं। उदित अपने परिवार में इकलौते बेटे थे और उनकी दो बहनें हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उदित की मौत मारपीट के कारण हुई थी। रिपोर्ट में यह उल्लेख है कि मारपीट से उदित के पेनक्रियाज को गंभीर चोट लगी थी, जिससे उनकी मौत हुई।
उदित के दोस्तों ने आरोप लगाया कि घटना से पहले आरोपी पुलिसकर्मियों ने उनसे 10,000 रुपए की मांग की थी। पैसे देने से इंकार करने पर उदित के साथ मारपीट की गई थी।

.webp)

